बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

MP के 37 जिलों में आज से होगी गेहूं की सरकारी खरीदी, किसानों को उपज बेचने करने होंगे पहले यह जरूरी काम

मध्य प्रदेश (MP) में समर्थन मूल्य पर आज से 37 जिलों में गेहूं खरीदी (Wheat purchased on support price) शुरु हो रही है. यह खरीदी 16 मई तक चलेगी, इसके लिए किसानों को पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करने होंगे. साथ ही निश्चित समय सीमा में गेहूं बेचने सेंटर पर ले जाना होगा.सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपए तय किया है.

भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर समेत 37 जिलों में खरीदी 16 मई तक चलेगी. सोमवार से शुक्रवार के बीच ही गेहूं खरीदी की जाएगी. इसके लिए किसानों को ऑनलाइन स्लॉट पहले से बुक कराने होंगे, बुकिंग के 3 दिन के भीतर गेहूं बेचने सेंटर पर ले जाना होगा. भोपाल के 77 सेंटरों पर 30 लाख क्विंटल गेहूं खरीदने का टारगेट है, किसान अपनी तहसील के किसी भी सेंटर पर गेहूं बेच सकेंगे. 28 मार्च से इंदौर-उज्जैन संभाग के 15 जिलों में खरीदी शुरू हो चुकी है. अब बाकी जिलों में भी खरीदी शुरू की जा रही है.

इन जिलों में आज से खरीदी
 
भोपाल, सागर, ग्वालियर, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), जबलपुर, रीवा, शहडोल और चंबल संभाग में 4 अप्रैल से 16 मई तक खरीदी होगी. इनमें भोपाल, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम्, रायसेन, हरदा, बैतूल, जबलपुर, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, अनूपपुर, सागर, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़, पन्ना, निवाड़ी, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिण्ड और श्योपुर जिले शामिल हैं.

मंडियों में भाव 2200 रुपए के पार

मध्य प्रदेश की भोपाल, इंदौर समेत अन्य अनाज मंडियों में गेहूं की आवक पिछले एक महीने से हो रही है. गेहूं के भाव में यूक्रेन-रूस विवाद के बाद खासा उछाल आया है. मंडियों में गेहूं की कीमत वर्तमान में 2200 रुपए क्विंटल से ज्यादा है. सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपए तय किया है, ऐसे में किसान को बेहतर दाम मिलेंगे

शुरू हो गई है बुकिंग

किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू हो गई है. स्लॉट बुक होने पर किसान को उपार्जन केन्द्र का नाम, विक्रय योग्य मात्रा और विक्रय की तारीख सम्बंधित जानकारी SMS के माध्यम से दे दी जाएगी. एक बार स्लॉट बुक होने के बाद उसकी वैधता अगले तीन कार्य दिवस तक रहेगी.

कैसे करें स्लॉट बुकिंग

किसान खुद के मोबाइल से स्लॉट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा MP Online, कॉमन सर्विस सेंटर, ग्राम पंचायत, लोक सेवा केंद्र, इंटरनेट कैफे, खरीदी केंद्र से भी बुकिंग हो सकेगी.

खुद से ऐसे बुक करें स्लॉट

• सबसे पहले MP E Uparjan Portal जाएं
• होम पेज पर रबी 2022-23 विकल्प पर क्लिक करें
• अब नया पेज खुलेगा, यहां लॉग इन स्लॉट बुकिंग पर क्लिक करें
• अब स्क्रीन पर नया स्लॉट बुक करने हेतु पेज खुलेगा
• यहां किसान के संबंध में पूछी गई सभी जानकारी को ध्यानपूर्वक दर्ज करें
• अब आप पसंदीदा दिनांक के साथ ही अपनी पंसद का उपार्जन केंद्र का चयन कर पाएंगे
• तारीख चुनकर सुबह 9 से दोपहर 1 बजे या दोपहर 2 से शाम 6 बजे का चुन सकते हैं

कितने रुपए देने होंगे?

किसान खुद अपने मोबाइल या कम्प्यूटर सिस्टम से स्लॉट बुक करते हैं, तो उन्हें चार्ज नहीं देना पड़ेगा. यदि MP Online, कॉमन सर्विस सेंटर, ग्राम पंचायत, लोक सेवा केंद्र, इंटरनेट कैफे से बुकिंग कराते हैं, तो कुछ रुपए चुकाने पड़ेंगे. हालांकि इसके लिए सरकार ने फिलहाल कोई राशि तय नहीं की है.

स्लॉट करते समय इन बातों का रखें ध्यान

√ ऑनलाइन स्लॉट बुक कते समय अपना मोबाईल साथ में रखें
√ गेहूं की फसल खरीदी सोमवार से शुक्रवार तक होगी और इसी समय का स्लॉट मिलेगा
√ स्लॉट बुक होने के बाद उसकी वैधता 3 खरीदी कार्य दिवस तक होगी
√ उपार्जन केंद्र की तौल क्षमता पूरी होने के बाद रिक्त क्षमता वाले दिन स्लॉट बुक कराना होगा
√ किसान सुविधा के लिए इस जानकारी का प्रिंट भी निकालवा सकते हैं
√ एक बार स्लॉट बुक हो जाने के बाद केंद्र बदलने की सुविधा नहीं होगी

निर्धारित मात्रा से ज्यादा खरीदी नहीं

प्रदेश के प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन की तौल क्षमता निर्धारित की गई है. उस अनुसार तौलकांटे पर्याप्त संख्या में लगाए गए हैं. हालांकि ये नियम किसानों के लिए घाटे का हो सकता है. केंद्र पहुंचे किसान का आनाज अगर केंद्र की क्षमता से ज्यादा हो गया तो किसान को एक शेष गेहूं के लिए अन्य स्लॉट बुक कराना होगा.

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button