NHM Contract Employees Strike: एनएचएम के हजारों संविदा कर्मचारी आंदोलन के मूड में, 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
NHM Contract Employees Strike: Thousands of NHM contract employees in agitation mood, warning of indefinite strike from June 2

NHM Contract Employees Strike: मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत हजारों संविदा कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। भोपाल में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 20 दिनों के भीतर सरकार ने मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो 2 जून से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस बैठक में बैतूल जिले के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
भोपाल बैठक में बनी आंदोलन की रणनीति
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश की कार्यसमिति की बैठक भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैतूल जिले के प्रतिनिधि भी इसमें मौजूद रहे। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों और सरकार की ओर से अब तक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई गई।
कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत करीब 32 हजार संविदा कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके काम के कारण प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान और पुरस्कार भी मिल चुके हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
नियमितीकरण समेत कई मांगें लंबित
संघ ने बताया कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 30 जनवरी 2026 को टीटी नगर दशहरा मैदान में कर्मचारियों की मांगों को लेकर घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक उस पर ठोस अमल नहीं हुआ। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, सामान्य प्रशासन विभाग की 2023 नीति के अनुसार एनपीएस और स्वास्थ्य बीमा सुविधा, हर साल 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि, नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतन में पीबीआई समायोजन और वेतन विसंगतियों का निराकरण शामिल है। इसके अलावा नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश सुविधा और समान कार्य-समान वेतन लागू होने तक सार्थक एप बंद करने की मांग भी उठाई गई है।
- यह भी पढ़ें : MP Teacher TET Exam: मध्यप्रदेश के 1.5 लाख शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट से झटका, करना ही होगा TET परीक्षा पास, नहीं मिलेगी राहत
चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा
संघ ने आंदोलन का पूरा कार्यक्रम भी घोषित किया है। 25 से 27 मई तक कर्मचारी काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। इसके बाद 28 और 29 मई को कलेक्टर, सीएमएचओ और बीएमओ को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 30 मई से 1 जून तक सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा। यदि इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 2 जून से कर्मचारी ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
- यह भी पढ़ें : MP Rural Development: एमपी में गरीब परिवारों को मिलेंगे पक्के पीएम आवास, केंद्र सरकार से मिले 2055 करोड़
8 जून को मुख्यमंत्री निवास का घेराव
संघ ने बताया कि 8 जून को प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



