टेक/ऑटो

Ayushman Card Kaise Banaye : यदि अभी तक नहीं बनाया है आयुष्मान कार्ड तो न चूकें यह मौका, चलाया जा रहा महाभियान, मिलता है 5 लाख तक मुफ्त इलाज

Ayushman Card Kaise Banaye : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत निरामयम के तहत यदि अभी तक आपने आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया है तो यह मौका बिल्कुल न चूकें। अभी यह कार्ड बनाने के लिए प्रशासन द्वारा महाभियान चलाया जा रहा है। इस कार्ड को बनाने पर परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलती है।

इसके लिए बैतूल जिले में प्राथमिकता पर चिन्हित 200 ग्राम पंचायतों में आयुष्मान कार्ड बनाने का महाभियान चलाया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड से वंचित अधिक हितग्राहियों वाली चिन्हित ग्राम पंचायतों में शुक्रवार 11 नवम्बर तक विशेष शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। यह शिविर प्रतिदिन सुबह से शाम तक आयोजित होंगे।

कार्ड बनने पर इलाज की चिंता खत्म

आयुष्मान भारत निरामयम् योजना अंतर्गत प्रत्येक चिन्हित पात्र परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपए तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ मिलता है। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने ग्राम पंचायत कार्यालय में संपर्क कर आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं।

आयुष्मान योजना के लिए यह पात्रता

आयुष्मान भारत निरामयम योजना के लिए सामाजिक आर्थिक एवं जातिगत जनगणना 2011 में चिन्हित डी-1 से डी-7 (डी-6 छोड़कर) वंचित श्रेणी के ग्रामीण परिवार सम्मिलित होंगे एवं चिन्हित व्यवसाय आधारित शहरी परिवार सम्मिलित रहेंगे। साथ ही खाद्य सुरक्षा पर्ची धारक परिवार, असंगठित क्षेत्र के मजदूर परिवार शामिल रहेंगे। इस योजना के अंतर्गत हितग्राही बनने के लिए कोई नामांकन प्रक्रिया नहीं है।

इनका बनता है आयुष्मान गोल्डन कार्ड

आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत 2011 की सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना के अंतर्गत पात्र हितग्राही, मुख्यमंत्री संबल योजना के लाभार्थी परिवार, मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पर्चीधारक लाभार्थी परिवारों का आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाया जाता है। अपने साथ पारिवारिक समग्र आईडी/राष्ट्रीय खाद्य पर्ची/राशन कार्ड, आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र या अन्य कोई सरकारी फोटो पहचान पत्र साथ में लाकर आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकता है। साथ ही आयुष्मान भारत निरामयम योजना का लाभ उठाया जा सकता है।

इस नंबर पर जाने अपने परिवार की पात्रता

आपका परिवार आयुष्मान कार्ड बनाने की पात्रता रखता है या नहीं, यह बात घर बैठे एक फोन काल के जरिए जानी जा सकती है। अपनी एवं अपने परिवार की पात्रता जानने के लिए आयुष्मान भारत निरामयम योजना के काल सेंटर नंबर 14555 या 18002332085 पर भी फोन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रभातपट्टन में यहां होगा शिविरों का आयोजन

बैतूल जिले में संचालित किये जा रहे आयुष्मान कार्ड बनाने के महाभियान के दौरान प्रभातपट्टन में शुक्रवार 11 नवम्बर तक सरकारी राशन दुकान, उत्कृष्ट विद्यालय तथा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। पात्र हितग्राही इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button