इस महिला पार्षद प्रत्याशी की घोषणा ने जीत लिया सबका दिल, क्षेत्रवासी कर रहे हैं मुक्त कंठ से प्रशंसा
बैतूल। इन दिनों नगरीय निकाय चुनावों के लिए प्रचार-प्रसार चल रहा है। मतदाताओं को प्रभावित कर उनसे अपने पक्ष में मतदान कराने प्रत्याशी तरह-तरह के वादें कर रहे हैं। लेकिन, बैतूल शहर के महावीर वार्ड क्रमांक 20 से भाजपा प्रत्याशी वर्षा रमेश बारस्कर ने जो घोषणा की है, वह खासी चर्चा में है। उन्होंने ऐलान किया है कि यदि वे जीतती हैं तो पार्षद के रूप में मिलने वाला पूरा मानदेय जरुरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए देंगी।
चुनाव प्रचार के दौरान शुक्रवार को सांसद डीडी उइके ने वार्ड की चुनावी बैठक ली। इस दौरान सांसद श्री उइके के उद्बोधन से प्रेरित होकर श्रीमती बारस्कर ने यह घोषणा की। उनका कहना था कि पार्षद पद पर चुने जाने पर शासन से जो मानदेय मिलता है, उसका एक पैसा भी वे स्वयं के लिए खर्च नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि यह सारा पैसा वे जरुरत मंद बच्चों की शिक्षा के लिए खर्च करेंगी।
उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य यही है कि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा पाने से वंचित न रहे। उनकी इस घोषणा, नेकनीयत और उद्देश्य की खासी सराहना हर तरफ हो रही है। लोग यह भी कह रहे हैं कि यदि सभी जनप्रतिनिधि इस तरह की मंशा लेकर आगे आए तो कोई भी बच्चा पढ़ाई-लिखाई से वंचित नहीं होगा और समाज का खासा भला हो सकेगा।



