बैतूल अपडेट

Betul Water Crisis: बैतूल में कम बारिश से गहराया जल संकट: 200 में से 127 डैम खाली, कलेक्ट्रेट की बैठक में लिए गए बड़े फैसले

Betul Water Crisis: Water crisis deepens in Betul due to scanty rainfall; 127 out of 200 dams empty; major decisions taken at Collectorate meeting.

Betul Water Crisis: बैतूल में कम बारिश से गहराया जल संकट: 200 में से 127 डैम खाली, कलेक्ट्रेट की बैठक में लिए गए बड़े फैसले
Betul Water Crisis: बैतूल में कम बारिश से गहराया जल संकट: 200 में से 127 डैम खाली, कलेक्ट्रेट की बैठक में लिए गए बड़े फैसले

Betul Water Crisis: बैतूल जिले में काफी वर्षों के बाद इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण जलाशयों में अपेक्षाकृत कम जलभराव की स्थिति को देखते हुए पेयजल, सिंचाई एवं फसल प्रबंधन को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जल उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी समय में पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था तथा किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उईके, विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक भैंसदेही महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह ऊईके, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार तथा कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, सीईओ जिला पंचायत गणेश जायसवाल सहित जल संसाधन, कृषि, जल निगम एवं एमपीईबी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

गाइडलाइन के अनुसार होगा जल का उपयोग

बैठक में जलाशयों में उपलब्ध पानी की स्थिति की समीक्षा के बाद तय किया गया कि उपलब्ध जल का उपयोग निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। जिन जलाशयों में 50 प्रतिशत से कम जलभराव है, उनमें उपलब्ध पानी पेयजल एवं निस्तारी के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं 50 से 80 प्रतिशत जलभराव वाले जलाशयों से सिंचाई के लिए किसानों को एक पलेवा एवं एक पानी दिया जाएगा। 90 प्रतिशत से अधिक जलभराव वाले जलाशयों से सिंचाई के लिए दो पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि दिसंबर माह के बाद जलाशयों में उपलब्ध पानी को मुख्य रूप से पेयजल की आवश्यकता के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।

अधीक्षण यंत्री जल संसाधन विभाग विपिन वामनकार ने बताया कि जिले में लगभग 200 जलाशय हैं, जिनमें से 127 जलाशय पूरी तरह खाली हैं। जिले के 200 जलाशयों की कुल जल संग्रहण क्षमता लगभग 472 एमसीएम है, जबकि वर्तमान में इनमें लगभग 242 एमसीएम पानी उपलब्ध है।

Betul Water Crisis: बैतूल में कम बारिश से गहराया जल संकट: 200 में से 127 डैम खाली, कलेक्ट्रेट की बैठक में लिए गए बड़े फैसले
Betul Water Crisis: बैतूल में कम बारिश से गहराया जल संकट: 200 में से 127 डैम खाली, कलेक्ट्रेट की बैठक में लिए गए बड़े फैसले

कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने पर जोर

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए पेयजल, सिंचाई एवं फसल प्रबंधन के लिए पुख्ता कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करते हुए किसानों और आमजन की आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए। उन्होंने किसानों को कम पानी में होने वाली फसलों की ओर प्रेरित करने तथा इसके लिए गांव स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए किसानों को ऐसी फसलों के चयन के लिए प्रेरित किया जाए, जिनमें कम पानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने कृषकों को गेहूं की अपेक्षा चना, सरसों, मसूर, अलसी सहित कम पानी में उपयुक्त फसलों की बुवाई को प्राथमिकता देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

गेहूं का रकबा कम, चना एवं सरसों का रकबा बढ़ने की संभावना

उर्वरक-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विधायक श्री खंडेलवाल ने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। कृषि विभाग द्वारा विशेष ग्राम सभाओं एवं किसान संवाद बैठकों के माध्यम से किसानों को कम वर्षा की स्थिति में फसल चयन, उपलब्ध जल के समुचित उपयोग, सिंचाई प्रबंधन एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

उप संचालक कृषि राम गोपाल रजक ने बताया कि इस सीजन जिले में गेहूं का रकबा लगभग 80 हजार हेक्टेयर कम होने की संभावना है। वहीं चने का रकबा 47 हजार हेक्टेयर से बढ़कर लगभग 94 हजार हेक्टेयर तथा सरसों का रकबा 13 हजार हेक्टेयर से बढ़कर लगभग 25 हजार हेक्टेयर होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जिले में खाद, बीज एवं कीटनाशक की पर्याप्त उपलब्धता है।

रबी सीजन में सुचारू बिजली आपूर्ति के निर्देश

एमपीईबी विभाग की समीक्षा के दौरान रबी सीजन में किसानों को सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल आपूर्ति के लिए आवश्यक बिजली व्यवस्था निर्बाध रखने तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने के निर्देश दिए गए।

संभावित पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में पहले से की जाएगी तैयारी

पीएचई विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संभावित पेयजल संकट वाले क्षेत्रों एवं ग्रामों को चिन्हित कर विधानसभा-वार जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को जल स्रोतों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल निगम के अधिकारियों को मेंढा एवं वर्धा परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं घोघरी एवं गढ़ा परियोजनाओं को दिसंबर माह तक प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जल संसाधन एवं पीएचई विभाग के समन्वय से सारणी स्थित सतपुड़ा डेम से घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के ग्रामों तथा पारसडोह डेम से आमला ब्लॉक के ग्रामों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जल निगम के संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अल्पवर्षा के कारण उपलब्ध जल की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अभी से समुचित प्रबंधन एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर कार्य किया जाए, ताकि आगामी समय में पेयजल, सिंचाई एवं कृषि गतिविधियों के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।

जल प्रबंधन एवं जल संरक्षण की तैयारियां

अल्पवर्षा के कारण जलाशयों में कम जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिले में उपलब्ध जल के समुचित प्रबंधन के साथ-साथ जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्य भी किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न उपयोगी स्थलों को चिन्हित कर स्टॉप डेम में कड़ी शटर लगाने तथा नालों में बोरी बंधान का कार्य जारी है। इन कार्यों के माध्यम से वर्षा जल को अधिक समय तक रोकने तथा भू-जल स्तर में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button