बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

The Burning Bus : टायर फटने के बाद ब्रेक लगाते ही लगी थी बस में आग, कुछ यात्रियों का सामान भी जला

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    बैतूल-भोपाल नेशनल हाइवे 69 पर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात आग की भेंट चढ़ी निजी कंपनी की यात्री बस के साथ कुछ यात्रियों का सामान भी राख हो गया। इस मामले में शुरुआती जानकारी यह निकलकर सामने आई है कि पहले बस का टायर फटा। इसके बाद जैसे ही ड्राइवर ने ब्रेक लगाए तो आग लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    भोपाल से हैदराबाद के लिए निकली यात्री बस क्रमांक  एमपी-04/पीए-5632 के बैतूल पहुंचने के पहले ही शाहपुर के नीमपानी गांव के पास टायर फटने के बाद टायरों में आग लग गई और देखते ही देखते बस का पिछला हिस्सा जलने लगा। बस चालक ने तत्काल ही सड़क किनारे बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। 

    बस में 35 से 40 यात्री सवार थे। आग लगने के समय कुछ सो रहे थे। इस कारण वे अपना सामान नहीं निकाल पाए और कुछ पलों में ही आग की लपटों में समा गई। बस के साथ उनका सामान भी जल गया। बैतूल और शाहपुर से पहुंचे दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाई गई। यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर आगे रवाना किया गया।

    बस में सवार यात्री गणेश गुप्ता ने बताया कि रास्ते में एक जगह बस रोककर कुछ रिपेयरिंग का काम करवाया गया था। जिस समय हादसा हुआ वे सो रहे थे। अचानक टायर फूटने की आवाज आई और बस से उतरने की चीख पुकार मच गई। वे भी उतरे तब तक बस के पिछले हिस्से में आग लग चुकी थी।

    शाहपुर थाना प्रभारी शिवनारायण मुकाती ने बताया कि रात करीब 9.45 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली थी। तत्काल दमकल रवाना की और मौके पर पहुंचकर आग बुझाई गई। खुशकिस्मती रही कि सभी यात्री आग भड़कने से पहले सुरक्षित बाहर निकल गए थे। आरम्भिक जानकारी मिली है कि बस का पीछे का टायर फूट गया और ब्रेक लगाने के बाद दोनों टायरों में आग लग गई। इस घटना के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर रवाना किया गया। हालांकि अब तक किसी यात्री ने शिकायत नहीं की है।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button