MP Transport News: मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से बदलेगी मध्य प्रदेश की तस्वीर, 2027 तक चलेंगी 1100 ई-बसें
MP Transport News: 'Mukhyamantri Sugam Parivahan Seva' (Chief Minister's Accessible Transport Service) set to transform Madhya Pradesh; 1,100 e-buses to be operational by 2027.

MP Transport News: प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को ज्यादा आसान, सुरक्षित, आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की गई है। सात प्रमुख शहरों में 351 बसों से प्रारंभ हुई यह योजना ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा दे रही है। इसमें ई-बसों, डिजिटल टिकटिंग और आधुनिक तकनीक के उपयोग से सफर को आसान बनाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 तक कुल 1,100 बसों का विशाल बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए नई ई-बसों के संचालन के साथ चार्जिंग नेटवर्क, पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं और हाईटेक डिपो विकसित किए जाएंगे। इससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कार्बन उत्सर्जन में बड़ी कमी आएगी।
इस वृहद कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) ने बस संचालन, बिजली आपूर्ति और यात्री सुविधाओं को आपस में जोड़कर प्रदेशस्तरीय ढांचा तैयार किया है। इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने, आवश्यक संसाधन जुटाने, वित्तीय प्रबंध करने और विस्तृत स्तर पर सेवा देने की चुनौतियों को सरकार व निजी क्षेत्र की साझा भागीदारी से हल किया जाएगा।
ई-बसों और चार्जिंग सुविधाओं का तेजी से होगा विस्तार
ग्रीन मोबिलिटी के अंतर्गत ई-बसों की संख्या के साथ चार्जिंग ढाँचे का विस्तार होगा। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 11–12 सितंबर 2026 को आयोजित ‘यात्री परिवहन विजन समिट’ में विस्तार का रोडमैप प्रस्तुत किया गया था। वर्तमान में राज्य में 96 पीएम ई-बसें और 120 इंटरसिटी ई-बसें चल रही हैं। आने वाले छह महीनों में 520 नई बसें जोड़ी जाएंगी, जबकि 2027 तक 1,100 बसों का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। सुचारू संचालन के लिए चालू 7 चार्जिंग केंद्रों के अलावा अगले छह माह में 9 नए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। जरूरत के आधार पर कम उत्सर्जन वाले अन्य वैकल्पिक ईंधनों का भी इस्तेमाल होगा, जिससे शहरों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में बस कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार किया जाएगा।
प्रमुख मार्गों पर बनेंगे सौर ऊर्जा से चलने वाले चार्जिंग स्टेशन
ई-बसों के निर्बाध संचालन के लिए राज्य के मुख्य मार्गों और डिपो पर सौर व नवीकरणीय ऊर्जा से लैस चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। स्मार्ट चार्जिंग, बैटरी प्रबंधन और सुरक्षित रखरखाव व्यवस्था से सेवाएं भरोसेमंद बनाई जाएंगी। इसके साथ ही बैटरी बदलने की सुविधा, आधुनिक टर्मिनल और हरित परिवहन केंद्र विकसित होंगे, जिससे बेड़े की जरूरतें समय पर पूरी होंगी।
- यह भी पढ़ें : Betul Crime News: सोनाघाटी क्षेत्र में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, घर से 3 लाख के जेवर और 50 हजार नकद ले उड़े चोर
आधुनिक तकनीक और एआई से समय पर मिलेगी सटीक सेवा
प्रदेश स्तरीय इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), जीपीएस मॉनिटरिंग, डिजिटल टिकटिंग और यात्री सूचना प्रणाली से बस सेवा को जोड़ा जा रहा है। यात्री मोबाइल से बसों की लोकेशन देख सकेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रयोग से बसों का समय पर संचालन और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। नेट कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (NCC) मॉडल के जरिए बसों के बेहतर रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर ध्यान दिया जाएगा।
अंतिम गंतव्य तक सुलभ पहुंच और युवाओं के लिए हरित रोजगार
शहरों, कस्बों और गांवों को आपस में जोड़ने के लिए फीडर बसों और साझा परिवहन सेवाओं को मुख्य बस सेवा से एकीकृत किया जाएगा। यात्रा योजना, टिकट और भुगतान को एक ही व्यवस्था से जोड़ा जाएगा ताकि यात्री अंतिम पड़ाव तक आसानी से पहुंच सकें।
वहीं, पुरानी बैटरियों की निगरानी, पुनः उपयोग और रीसाइक्लिंग की मजबूत व्यवस्था बनाई जाएगी। स्थानीय स्तर पर तकनीकी प्रशिक्षण देने से बैटरी, चार्जिंग और इलेक्ट्रिक वाहन रखरखाव के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए हरित रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।
- यह भी पढ़ें : Multai Crime News: नाबालिग बालकों को मोहरा बनाकर नशे का कारोबार करने वाला इनामी आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
ग्रीन फाइनेंसिंग, कार्बन क्रेडिट और निजी निवेश का सुनहरा मौका
परिवहन परियोजनाओं में पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर प्रबंधन (ESG) के मानकों का ध्यान रखा जाएगा। कार्बन क्रेडिट, ग्रीन बॉन्ड और जलवायु निवेश के माध्यम से संसाधन जुटाए जाएंगे। इस पहल में निजी क्षेत्र के लिए बस संचालन, लीजिंग, चार्जिंग डिपो, डिजिटल तकनीक, एआई एनालिटिक्स, ग्रीन फाइनेंसिंग और फीडर सेवाओं में निवेश के व्यापक रास्ते खोले गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस अभिनव सोच से न केवल प्रदूषण घटेगा और आवागमन सुलभ होगा, बल्कि सरकारी और निजी सहभागिता से तैयार यह टिकाऊ मॉडल राज्य के विकास और रोजगार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें



