Betul Mandi News: बैतूल मंडी में गहराया पार्किंग संकट: बेतरतीब खड़े ट्रकों से रास्ते बंद, थोक व्यापारियों ने मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन
Betul Mandi News: Parking crisis intensifies at Betul Mandi; haphazardly parked trucks block pathways; wholesale traders submit a memorandum to the Mandi Secretary.

Betul Mandi News: बैतूल। कृषि उपज मंडी समिति बडोरा परिसर स्थित सब्जी मंडी में भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का संकट गहराता जा रहा है। रात के समय दुकानों के सामने खड़े किए जा रहे बड़े-बड़े ट्रकों के कारण सुबह मंडी का कारोबार शुरू होते ही रास्ते बंद हो जाते हैं। इससे किसानों की हरी सब्जियों की खरीद-बिक्री प्रभावित हो रही है। लगातार बढ़ रही इस समस्या से परेशान थोक सब्जी व्यापारी संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने मंडी सचिव को लिखित ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
व्यापारियों ने शिकायत में बताया कि मंडी में माल भरने आने वाले वाहनों के चालक और अन्य भारी वाहनों के चालक रात के समय अपने ट्रक दुकानों के ठीक सामने बेतरतीब तरीके से खड़े कर देते हैं। सुबह जब मंडी में कारोबार शुरू होता है तो इन ट्रकों के कारण दुकानों के मुख्य प्रवेश द्वार तक बंद हो जाते हैं। स्थिति यह बन जाती है कि मंडी परिसर में लोगों और अन्य वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। रोजाना होने वाली इस अव्यवस्था का सीधा असर सब्जियों के कारोबार पर पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि किसान दूर-दराज के क्षेत्रों से बिक्री के लिए हरी सब्जियां लेकर मंडी पहुंचते हैं। हरी सब्जियां जल्दी खराब होने वाली उपज हैं। ऐसे में ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग के कारण रास्ते बंद रहने और खरीद-बिक्री में देरी होने से किसानों की सब्जियां समय पर नहीं बिक पातीं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने मंडी प्रशासन से मांग की है कि माल भरने आने वाले सभी वाहनों के लिए मंडी परिसर में एक निश्चित स्थान निर्धारित किया जाए और उन्हीं स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से वाहनों को खड़ा कराया जाए। इससे दुकानों के सामने रास्ते अवरुद्ध नहीं होंगे और मंडी में रोजाना लगने वाले जाम तथा अव्यवस्था से राहत मिल सकेगी। व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग की उचित व्यवस्था होने से किसानों और व्यापारियों दोनों का कारोबार सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
- यह भी पढ़ें : Diwali Date Astronomy: कभी अक्टूबर तो कभी नवंबर में क्यों आती है दिवाली? नेशनल अवॉर्ड विनर सारिका घारू का बड़ा खुलासा
मंडी सचिव को शिकायत करने वालों में थोक सब्जी व्यापारी संघ के अध्यक्ष पवन राठौर सहित व्यापारी राजकुमार राठौर, अभिषेक राठौर, संतोष, मोहित राठौर, गजेंद्र खातरकर, नीलेश साहू, दीपक राठौर, मोहित राठौर और देवेंद्र अतुलकर शामिल हैं। व्यापारियों ने मंडी प्रशासन से समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें



