बड़ी खबरें

Betul Juari Girftar: जुआरियों को पकड़ने एंबुलेंस से पहुंची पुलिस, चकरघिन्नी बन कर बैठे रह गए खिलाड़ी, लग्जरी कारों से आए थे जुआ खेलने

Betul Juari Girftar: जुआरियों को पकड़ने एंबुलेंस से पहुंची पुलिस, चकरघिन्नी बन कर बैठे रह गए खिलाड़ी, लग्जरी कारों से आए थे जुआ खेलने

Betul Juari Girftar: जुआरियों द्वारा जुएं के अड्डे चलाने के लिए कई पैतरे अपनाए जाते हैं। इनमें एक ओर जहां समय-समय पर जगह बदलना शामिल है वहीं दूसरी ओर ऊंचाई से पुलिस पर नजर रखने के लिए आदमी भी तैनात रखे जाते हैं। यही कारण है कि अधिकांश अड्डों पर पुलिस के पहुंचने के पहले ही जुआरियों को खबर मिल जाती है और पुलिस के पहुंचने पर कुछ भी नहीं मिलता।

इसके विपरीत बैतूल जिले में पुलिस (Betul Police) ने जुआरियों को भागने का कोई मौका नहीं देने के लिए अनूठा तरीका अमल में लाया। पुलिस अपने वाहन से मौके पर पहुंचने के बजाय एंबुलेंस में बैठकर पहुंची। इससे अधिकांश जुआरी भी चकरघिन्नी बनकर खेलते रह गए। इनमें से 9 को पुलिस ने दबोच लिया है। मामला जिले के झल्लार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि झल्लार थाना (Jhallar Police Station) क्षेत्र के बगदरी के आगे टेकड़े पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम एंबुलेंस से रवाना होकर ग्राम बगदरी पहुंचा। मुखबीर के द्वारा बताए गए स्थान पर कुछ लोग स्वयं के मोबाईल के टार्च की रोशनी में झुंड बना कर जुआं खेलते दिखे। पुलिस के एंबुलेंस में होने से जुआरियों को दूर से एहसास ही नहीं हुआ और अड्डे के करीब तक पहुंच गई।

पुलिस ने बताया कि मौके से घनश्याम पिता रतनलाल आजाद उम्र 33 वर्ष निवासी आठनेर, प्रवीण पिता रामचन्द्र चढ़ोकर उम्र 35 वर्ष निवासी आठनेर, कृष्णा पिता उम्मन कुमरे उम्र 19 वर्ष निवासी ढोढरामोहर थाना साईखेड़ा, संतोष पिता गजानंद पाठक उम्र 30 वर्ष निवासी धामनगाँव गढ़ी अचलपुर महाराष्ट्र, मुकेश पिता हरीशंकर गुप्ता उम्र 50 वर्ष निवासी खरपी बहरम महाराष्ट्र, अरविंद पिता तुलसीराम अमोदे उम्र 30 वर्ष निवासी परतवाड़ा, मनीष पिता सालकराम धुर्वे उम्र 26 वर्ष निवासी हथनाझिरी, शेख शकीब पिता शेख इब्राहिम उम्र 36 वर्ष निवासी आठनेर और सतीश पिता ओमकार गौर उम्र 36 वर्ष निवासी परतवाड़ा को पकड़ा। कुछ लोग मौके से अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गये।

आरोपियों और फड़ से पुलिस ने नकद 41860 रुपये व ताश के 52 पत्ते, एक पीले रंग का फट्टा, 6 एंड्राइड मोबाईल एवं 1 की पैड मोबाईल जब्त किया। घटना स्थल से दो टवेरा वाहन, एक स्विफ्ट डिजायर, एक अर्टिका, मोटर साइकिल शाईन, डिस्कवर, बजाज पल्सर, सफेद रंग की स्कूटी एक्टिवा, हीरो होण्डा स्पेलेण्डर एवं एक होण्डा मोटर साइकिल जब्त की है। वाहनों एवं आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया। उनके विरूद्ध धारा 13 जुआ एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button