बड़ी उपलब्धि: बैतूल की ऋचा की पेंटिंग हो रही दुनिया के सबसे बड़े दुबई एक्सपो में प्रदर्शित, सभी को कर रही आकर्षित

आदिवासी बहुल कहे जाने वाले बैतूल जिले में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यह प्रतिभाएं समय-समय पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश और दुनिया में बैतूल जिले का नाम भी रोशन करती रहती है। इसी कड़ी में अब बैतूल की ऋचा का नाम भी शुमार हो गया है।
दुनिया के सबसे बड़े दुबई एक्सपो-2020 के भारतीय पवेलियन में ऋचा तातेड़ जैन की पेंटिंग भी प्रदर्शित की गयी है। ऋचा पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल तातेड़ एवं महावीर इंटरनेशनल की जोन चेयर पर्सन श्रीमती सरला तातेड़ की छोटी बेटी हैं।

श्रीमती तातेड़ स्वयं भी बहुत ही आकर्षक पेंटिंग बनाती है। दुबई में आयोजित यह एक्सपो विश्व का सबसे बड़ा है और यह 1100 एकड़ में फैला है। इसमें 192 देश भाग ले रहे हैं। यह 1 अक्टूबर 2021 से प्रारंभ हो कर 31 मार्च 2022 तक चलेगा। इसमें स्थापित भारतीय पवेलियन का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री पियूष गोयल द्वारा किया गया।
दक्षिण देशों में आयोजित होने वाले पहले इस विशाल एक्सपो को देखने दुनिया के करोड़ों लोग आ चुके हैं। भारत के वालीवुड एवं उद्योगपतियों सहित लगभग ढाई करोड़ भारतीय अभी तक अपनी उपस्थिति दर्ज करवा चुके हैं। इस अन्तर्राष्ट्रीय विशाल एक्सपो में ऋचा की पेंटिंग आगंतुकों को आकर्षित कर रही है।



