MPPSC Recruitment 2026: एमपीपीएससी का बड़ा ऐलान: 3 साल बाद आयुर्वेद डॉक्टरों की भर्ती, राज्य सेवा परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन भी जारी
MPPSC Recruitment 2026: मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नई साल की शुरुआत अच्छी खबर लेकर आई है। लंबे समय से जिन भर्तियों का इंतजार किया जा रहा था, उन पर अब औपचारिक मुहर लग गई है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक ओर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया को फिर से शुरू किया है, वहीं दूसरी ओर राज्य सेवा और राज्य वन सेवा परीक्षा 2026 की अधिसूचना भी जारी कर दी है। इससे हजारों अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर स्पष्ट दिशा मिल गई है।
तीन साल बाद आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती
एमपीपीएससी ने आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के कुल 130 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है। यह भर्ती करीब तीन साल के अंतराल के बाद हो रही है, इसलिए आयुर्वेद क्षेत्र से जुड़े युवाओं में इसे लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 मार्च से शुरू होंगे और 12 अप्रैल तक स्वीकार किए जाएंगे।
7 जून को आयोजित की जाएगी लिखित परीक्षा
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी पदों के लिए लिखित परीक्षा 7 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से होगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 28 मई से उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा के लिए प्रदेश के चार प्रमुख शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि उम्मीदवारों को आने-जाने में अधिक परेशानी न हो।
किस वर्ग के लिए कितने हैं पद
कुल 130 पदों को विभिन्न वर्गों में बांटा गया है। इनमें 50 पद सामान्य वर्ग के लिए रखे गए हैं। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 12 पद, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 42 पद निर्धारित किए गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 19 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 7 पद आरक्षित किए गए हैं। आयोग के अनुसार आरक्षण से जुड़ी सभी शर्तें राज्य शासन के नियमों के अनुसार लागू होंगी।
राज्य सेवा और राज्य वन सेवा परीक्षा 2026 की अधिसूचना
आयोग ने राज्य सेवा और राज्य वन सेवा परीक्षा 2026 के लिए भी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 155 पदों पर चयन किया जाएगा। ये पद राज्य शासन के 21 अलग-अलग विभागों में भरे जाएंगे। राज्य सेवा के अंतर्गत डिप्टी कलेक्टर, उप पुलिस अधीक्षक, वाणिज्यकर अधिकारी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, सहकारिता और आबकारी जैसे महत्वपूर्ण विभागों के पद शामिल हैं।
वन सेवा में उपलब्ध इतने पद
राज्य वन सेवा के तहत भी पद निर्धारित किए गए हैं। इसमें 6 पद उप वन मंडल अधिकारी यानी एसडीओ के हैं, जबकि 30 पद वन क्षेत्रपाल यानी रेंजर के लिए रखे गए हैं। वन सेवा में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह अच्छा अवसर माना जा रहा है।
- यह भी पढ़ें : MP Recruitment Calendar 2026: युवाओं के लिए खुशखबरी, 14 हजार से ज्यादा सरकारी पदों पर होंगी भर्तियां
आवेदन और परीक्षा की प्रमुख तिथियां
राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन 10 जनवरी से शुरू होंगे और 9 फरवरी तक चलेंगे। जो अभ्यर्थी तय समय में आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 10 से 16 फरवरी के बीच विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका मिलेगा। इसके बाद 17 फरवरी से 1 अप्रैल तक अधिक विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा के प्रवेश पत्र 16 अप्रैल से जारी किए जाएंगे और परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित होगी।
परीक्षा का पैटर्न और मूल्यांकन
प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन में दो सत्रों में कराई जाएगी। सुबह की पाली में सामान्य अध्ययन का पेपर होगा, जबकि दोपहर की पाली में सामान्य अभिरुचि परीक्षण का प्रश्नपत्र लिया जाएगा। दोनों ही प्रश्नपत्रों में नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। हर चार गलत उत्तरों पर एक अंक काटा जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को उत्तर देते समय सावधानी बरतनी होगी।
यह है न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता
राज्य सेवा और राज्य वन सेवा परीक्षा के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना जरूरी है। जो छात्र अपने कॉलेज के अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे हैं, वे भी कुछ शर्तों के साथ आवेदन कर सकते हैं। योग्यता, आयु सीमा और अन्य नियमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी एमपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट https://mppsc.mp.gov.in/ पर जाकर विवरण देख सकते हैं।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



