बैतूल अपडेट

Betul crime news: मटन नहीं लाया तो पति का पत्थर से फोड़ा सर, पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Betul crime news: Wife smashes husband’s head with a stone for failing to bring mutton; police arrest her and send her to jail.

Betul crime news: मटन नहीं लाया तो पति का पत्थर से फोड़ा सर, पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Betul crime news: मटन नहीं लाया तो पति का पत्थर से फोड़ा सर, पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Betul crime news: बैतूल। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में मटन नहीं लाने और 10 हजार रुपये नहीं देने पर पत्नी ने पति के सिर व चेहरे पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर बोरदेही पुलिस ने पत्थर से जानलेवा हमला करने वाली आरोपी पत्नी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस ने बताया कि 23 नवंबर की रात्रि लगभग 8:30 बजे थाना बोरदेही क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामुनबिछुआ में भागाबाई उईके का अपने पति शनिलाल उईके से 10 हजार रुपये मांगने एवं बाजार से मटन नहीं लाने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी भागाबाई ने गाली-गलौच करते हुए पति शनिलाल के सिर एवं चेहरे पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में शनिलाल गंभीर रूप से घायल होकर घर के दरवाजे के पास गिर पड़े। घटना के दौरान उनकी बहू सुमत्री पति रतन उईके ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई।

कोटवार ने दी पुलिस को सूचना

24 नवंबर को ग्राम कोटवार जितेंद्र नागले द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई कि ग्राम जामुनबिछुआ रैय्यत में एक महिला द्वारा अपने पति के साथ मारपीट की गई है तथा घायल व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना पर तत्काल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल शनिलाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय बैतूल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं तथा उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने की यह कार्रवाई

फरियादिया सुमत्री की रिपोर्ट पर थाना बोरदेही में आरोपी भागाबाई पति शनिलाल उईके, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम जामुनबिछुआ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 324/26, धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपिया के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस की तत्परता से आरोपिया भागाबाई को अपराध पंजीबद्ध होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपिया भागाबाई को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भैयालाल उईके थाना प्रभारी बोरदेही, उपनिरीक्षक पंचमसिंह उईके, एएसआई मिंतलाल धुर्वे, हरिराम डंढोरे, प्रधान आरक्षक नागेंद्र सिंह, आरक्षक राधेश्याम कुमरे, शशिकांत आरसे, चालक किशोर साहू, महिला आरक्षक अश्विनी यदुवंशी एवं महिला सैनिक भारती सोनी की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील

पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक एवं घरेलू विवादों को आपसी बातचीत, समझदारी एवं शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं। छोटी-छोटी बातों और घरेलू कहासुनी को लेकर हिंसा का रास्ता न अपनाएं। किसी भी प्रकार की मारपीट अथवा घरेलू हिंसा की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून हाथ में लेना दंडनीय अपराध है। पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi  News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi  News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button