मध्यप्रदेश अपडेट

MP Weather Alert: मप्र में झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, आज 17 जिलों में अलर्ट

MP Weather Alert: मध्यप्रदेश में इन दिनों लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है वहीं कुछ स्थानों पर हालात बेहद खराब हो गए हैं। वहीं आज सोमवार को भी 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा।

इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, खरगोन, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर शामिल हैं।

इन इलाकों में ढाई से साढ़े चार इंच तक पानी गिर सकता है। विभाग ने 2 और 3 सितंबर को भी तेज बारिश की संभावना जताई है, जबकि 4 सितंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी वर्षा का अलर्ट है।

नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा नरसिंहपुर में दर्ज की गई, जहां 4.1 इंच पानी गिरा। सतना में 3.9 इंच, नर्मदापुरम में 3.4 इंच, पचमढ़ी में 2.4 इंच, जबलपुर में 2.1 इंच, रतलाम में 1.9 इंच, खजुराहो में 1.8 इंच, शिवपुरी में 1.7 इंच, सीधी और सागर में 1.2 इंच और उमरिया में 1 इंच पानी दर्ज किया गया।

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सिवनी, गुना, दमोह, रायसेन, रीवा, बैतूल, दतिया, खंडवा, श्योपुर, शाजापुर और आगर-मालवा सहित कई जिलों में झमाझम का दौर जारी रहा।

मानसून टर्फ और चक्रवातीय गतिविधियां

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, प्रदेश के बीचोंबीच से इस समय मानसून टर्फ गुजर रही है। साथ ही तीन चक्रवातीय सर्कुलेशन भी सक्रिय हैं। इन वजहों से बारिश का सिलसिला तेज बना हुआ है और कई जिलों में जलभराव के हालात बने हुए हैं।

प्रदेश में बारिश का कोटा पूरा

मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन में मध्यप्रदेश में अब तक 37.1 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य औसत (37 इंच) के बराबर है। पिछले साल पूरे मानसून सीजन में 44 इंच बारिश दर्ज की गई थी।

इस बार गुना सबसे आगे है, जहां अब तक 55.4 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 24 इंच अधिक है। मंडला में 54 इंच, श्योपुर में 51.5 इंच, अशोकनगर में 51.1 इंच और रायसेन में 50.5 इंच वर्षा दर्ज की गई है।

बारिश से बिगड़ते जा रहे हालात

मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। रतलाम जिले में धोलावाड़ डैम का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद तीन गेट खोलने पड़े। पानी छोड़े जाने के कारण आसपास के गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। पलसोड़ा गांव पूरी तरह जलमग्न हो गया है और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए छतों पर शरण लिए हुए हैं।

उपलई गांव के पास तेज बहाव में एक कार पलट गई। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, उसरगार और अमलेटा गांव के बीच बह रही पुलिया पानी के दबाव से धंस गई, जिससे यातायात रोकना पड़ा।

मंदसौर और बालाघाट में संकट

मंदसौर जिले में शिवना नदी उफान पर है। पानी का बहाव इतना तेज है कि नदी के किनारे बसे कई इलाकों में खतरा बढ़ गया है। दूसरी ओर, बालाघाट जिले में रविवार देर रात गिरी आकाशीय बिजली ने हड़कंप मचा दिया। नक्सली सर्च ऑपरेशन पर निकले हॉक फोर्स के तीन जवान इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया भेजा गया है।

दमोह में हादसा: मकान ढहा, एक की मौत

दमोह जिले में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान धराशायी हो गया। इस हादसे में घर का मालिक मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।

भीगते हुए यात्रा कर रहे श्रद्धालु

मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। इसके बावजूद भिंड जिले के दंदरौआ धाम हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु बेपरवाह नजर आए। लोग भीगते हुए यात्रा जारी रखते रहे।

रतलाम में कार बही, ग्रामीणों ने बचाई जान

रतलाम जिले में नदियां और नाले उफान पर हैं। जावरा से आ रही एक कार उपलई गांव के पास तेज बहाव में फंस गई और पलट गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कार सवारों को बचाया और वाहन को भी सीधा किया। पलसोड़ा गांव पूरी तरह पानी में डूब चुका है। लोग जान बचाने के लिए ऊंची जगहों और मकानों की छतों पर पहुंच गए हैं।

छतरपुर में खतरनाक लापरवाही

छतरपुर जिले की महाराजपुर तहसील के गणेशपुरा गांव में पुल पर पानी चढ़ गया है। इसके बावजूद लोग जोखिम उठाते हुए उसे पार कर रहे हैं। इस दौरान कई स्कूली बच्चे भी देखे गए। प्रशासन लगातार चेतावनी दे रहा है, लेकिन लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे।

लोगों की मुश्किलें बढ़ीं

लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गांवों में सड़कें और पुलिया टूटने से आवाजाही बाधित हो गई है। कई जगह खेत पानी में डूब गए हैं, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान होने का खतरा है। शहरी इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से की यह अपील

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के पास न जाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। स्कूलों में भी छुट्टी देने पर विचार किया जा रहा है। राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button