Betul News: युवक का शव मिला, गले पर हैं चोट के निशान, हत्या की आशंका
Betul News: Dead body of youth found, there are marks on the neck, fear of murder
▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
Betul News: बैतूल जिले में मुलताई थाना क्षेत्र के मासोद चौकी के सहनगांव में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला है। पहले युवक की पहचान नहीं हो पा रही थी। लेकिन, बाद में मृतक की पहचान कर ली गई है। बताया जा रहा है कि मृतक के गले पर निशान हैं एवं पास में एक तार भी पड़ा हुआ है। ऐसे में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। वहीं लोग इसे हत्या बता रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले में जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सहनगांव जोड़ पर गोंडा निवासी सुमित पुत्र सुभाष खासदेव ( 19 साल) का शव पड़ा हुआ था। सुबह जब ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा हुआ देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर चौकी प्रभारी बसंत अहाके सहित स्टाफ मौके पर पहुंचा एवं मामले में जांच शुरू की गई है।
बताया जा रहा है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई के सरकारी अस्पताल भिजवाया जा रहा है। जिसके बाद ही साफ हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि शव के पास में एक तार भी पडा हुआ था एवं मृतक के गले के ऊपर निशान भी बने हुए थे।ऐसे में मामला हत्या का लग रहा है। फिलहाल परिजन नहीं समझ पा रहे हैं कि सुमित यहां कैसे पहुंचा।
परिजनों ने बताया कि सुमित कक्षा 12वीं का छात्र है एवं रात में उसके पास किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं आया। सुबह खोजबीन करने पर उसका शव मिला है। इधर यह भी पता चला है कि सुमित ने इस साल कक्षा 12वीं की परीक्षा दी थी एवं उसे सप्लीमेंट्री आई थी एवं अभी-अभी उसने सप्लीमेंट्री के पेपर भी दिए थे।



