देश/विदेश

Unique Birthday Celebration : बर्थडे बॉय था अमेरिका (USA) में, बैतूल में काटा ऑनलाइन केक, बुजुर्गों को दिए मनमाफिक तोहफे

• उत्तम मालवीय, बैतूल
अपने बच्चों की बेरूखी झेल रहे बुजुर्गों के लिए शनिवार का दिन बड़ा खुशनुमा रहा। उन्हें एक बड़ी सौगात तब मिली जब उनकी छोटी-छोटी इच्छाओं को सुदूर अमेरिका (USA) में बैठे एक बच्चे ने पूरी की। बुजुर्गों को उपहार मिला और आयोजकों को रिटर्न गिफ्ट के रूप में जो संतोष मिला वो इस दिन को यादगार बना गया।

बैतूल के पास उड़दन में मातोश्री वृध्दाश्रम में शनिवार 30 अप्रैल की शाम एक जन्मदिन का आयोजन किया गया। इस जन्मदिन की खास बात यह थी कि जिसका जन्मदिन था वो यहां से हजारों किमी दूर अमेरिका में था। लेकिन जूम के माध्यम से वो और उसका पूरा परिवार आनलाइन जुड़ा और धूमधाम से न सिर्फ केक कटा बल्कि उपहार और भोजन का भी सभी ने आनंद लिया। बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा के सुपौत्र डेलिन कैस्पर का यह जन्मदिन आयोजन था।

इस अमेरिकन बच्चे ने भारत में अपने नाना की भूमि पर भी इस आयोजन की इच्छा जाहिर की। जब मातोश्री आश्रम के बुजुर्गों से उनकी इच्छा के उपहार पूछे गए तो किसी ने घड़ी कहा तो किसी ने टोपी। किसी ने तुलसी की माला मांगी तो किसी ने कोई कपड़ा या किताब। ये इच्छायें छोटी-छोटी थीं, लेकिन जिन बुजुर्गों को उम्र के इस मुकाम पर उनके अपने बच्चों ने दरकिनार कर दिया हो उनके लिए वो बहुत बड़े उपहार थे। डेलिन ने इन सारे उपहारों को बुजुर्गों तक पहुंचवाया। आनलाइन जन्मदिन में केक कटा, सभी को माला पहनाई और उसके नाना सेम वर्मा और नानी श्रीमती जयदेवी वर्मा ने उपहार बांटे। सभी के साथ मिलकर फिर भोजन हुआ।

बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा ने कहा कि समाज के लिए बुजुर्ग उस घने वृक्ष की तरह हैं जो अब फल भले ही न देता हो लेकिन उसकी छाया में हम सुकून पा सकते हैं। हम सभी को मोक्ष प्राप्ति की ओर जा रहे इन जीवित भगवानों का सम्मान करना होगा। इस आयोजन में काफी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में मातोश्री आश्रम संचालक मनोज बिष्ट ने बालाजीपुरम परिवार का आभार माना।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button