Murder : युवक की पत्थर से सिर कुचल कर की हत्या, फिर पत्तों से ढंक कर छिपा दिया शव, पुराने विवाद को लेकर उठाया कदम, आरोपी गिरफ्तार
• उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम रैयतवाड़ी निवासी युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। युवक की हत्या ग्राम के ही दो युवकों द्वारा एक माह पुराने विवाद को लेकर की थी। युवक की जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के बाद शव को पत्तों से ढंक कर छिपा दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि थाना आठनेर में 24 अप्रैल 2022 को ग्राम कुन्दा में वन विभाग के जंगल में ग्राम रैय्यतवाड़ी निवासी हेमराज कुमरे पिता फगना कुमरे (35) की अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर लाश को जंगल में पत्तों से छिपा दी गई थी। इस संबंध में रिपोर्ट मृतक हेमराज के पिता प्रार्थी फगना कुमरे द्वारा करने पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 302, 201 का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। अज्ञात आरोपी की तलाश व पतारसी हेतु टीम गठित की गई तथा आवश्यक दिशानिर्देश दिये गये।

आरोपी की तलाश के दौरान मृतक के पिता फगना कुमरे ने बताया कि गाँव का गोलू उर्फ रामदास कुशराम घटना वाले दिन सुबह करीबन 7.30 बजे घर पर आकर हेमराज को पूछने आया था। संदेह के आधार पर गोलू उर्फ रामदास कुशराम को उसके घर एवं गाँव में तलाश की गई जो घर से फरार था। बाद में मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई कि संदेही गोलू उर्फ रामदास अभी गाँव में देखा गया है। जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया तथा कडाई से पूछताछ की गई।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुआ बताया कि 23 अप्रैल 2022 को रात करीबन 9 बजे हेमराज के कमरे में मैंने और ब्रजलाल आहके ने हेमराज के साथ शराब पीये और मुर्गा बनाकर खाये थे। तभी मेरा और ब्रजलाल का हेमराज से करीब एक माह पहले हेमराज द्वारा शराब पीकर रामदास उर्फ गोलू को उसके घर पर आकर गाली गलौच करने की बात को लेकर झगड़ा हो गया था।

इस पर मैंने और ब्रजलाल ने रात में ही योजना बना लिये थे कि हेमराज को सुबह निपटाना है। अगली सुबह गोलू उर्फ रामदास कुशराम और ब्रजलाल आहके ने सुनियोजित तरीके से हेमराज को उसके घर से बुलाकर मोटर सायकल पर बीच में बैठाकर गाँव के आगे ग्राम कुन्दा में सदाप्रसन्न बाबा धाम से करीबन 400 मीटर अन्दर जंगल में ले जाकर हेमराज के साथ हाथापाई किये और उसे जमीन पर पटक दिया।
वहाँ पड़ी लकड़ी से सिर पर मारे तथा वजनदार पत्थर से उसके सिर को कुचल कर हेमराज कुमरे की हत्या कर दिये। उसकी लाश को करीबन 100 मीटर आगे घसीटते हुए ले गये और पत्तों से ढंक कर छिपा दिये। आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिन्हें न्यायालय पेश किया जायेगा। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी आठनेर जयंत मर्सकोले, एसआई आदित्य करदाते, एएसआई हितेन्द्र चौधरी, आरक्षक चालक अशोक घाघरे, करणसिंह ठाकुर, मंगलेश चौधरी, भीम चंचल की सराहनीय भूमिका रही है।



