Betul News : सड़क हादसे में एक की मौत और 4 घायल, रेलवे ट्रैक पर मिला युवती का शव, बुजुर्ग का फांसी पर लटका मिला शव
◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
Betul News : बैतूल-इंदौर नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं 4 लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है। इधर सोनाघाटी के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिला है। उधर बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग का भी फांसी के फंदे पर लटका शव मिला है। एक बस ड्राइवर ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल के ओझाढाना क्षेत्र में रहने वाले 3 युवक गौतम परते, सदा धुर्वे और शंकू पारखे बुधवार दोपहर में चंडी दरबार जा रहे थे। नांदा जोड़ पर उनकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। बताया जाता है कि इस हादसे में दूसरी बाइक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ बैठा व्यक्ति भी घायल हो गया।
इधर यह तीनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने 108 पर सूचना दी। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के चुनाव ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि हादसे में मृतक कौन है।
युवती का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
एक अन्य मामले में सोनाघाटी के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा मिला है। मृतिका का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मृतिका साकादेही निवासी आशा यादव (28) है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ड्राइवर ने खाया सल्फास, इलाज के दौरान मौत
मुलताई के डहुआ निवासी सुभाष पिता लखन मालवी (30) बस का ड्राइवर था। उसने 27 जून को सल्फास की दवा का सेवन कर लिया था। जिसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती किया था। मंगलवार की रात को उपचार के दौरान सुभाष की मौत हो गई। मृतक का बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करने और जांच के बाद ही आत्महत्या का कारण सामने आएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read Also : Railway Recruitment 2022: रेलवे में निकली बंपर भर्ती, 876 पदों के लिए बुलाए आवेदन, कर सकते हैं online apply
फांसी पर लटका मिला ग्रामीण का शव
इधर बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के जोड़क्या गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। घटना की जानकारी मिलने पर बैतूल बाजार पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। एएसआई जुगल किशोर ने बताया कि मृतक अमरसिंह पिता शंकरसिंह राजपूत (58) निवासी जोड़क्या का शव बुधवार की सुबह खेत में आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
मृतक के साले जसवंत सिंह ने पुलिस को बताया कि अमरसिंह मंगलवार दोपहर 12 बजे से घर से निकला था। वह रात में घर नहीं पहुंचा था। जिसकी तलाश करते हुए परिजन खेत पहुंचे तो वहां अमरसिंह पेड़ पर लटका मिला। परिजनों का कहना है कि मृतक की लड़की की शादी तय हो चुकी थी। कुछ समय बाद ही उसका विवाह होना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
Read Also : Balatkari ko saja : नाबालिक का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 20 वर्ष का सश्रम कारावास



