Negligence : जानकारी के साथ उपस्थित नहीं हुए उप संचालक पशु चिकित्सा, थमाया कारण बताओ नोटिस

बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने शुक्रवार को उद्यानिकी, पशु चिकित्सा एवं मत्स्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उद्यानिकी विभाग के उप संचालक को निर्देशित किया कि वे उद्यानिकी योजनाओं के लाभों से किसानों को अवगत कराएं एवं ज्यादा से ज्यादा किसानों को उद्यानिकी से जोड़ें। बैठक में मछुआ सहकारी समितियों के भौतिक सत्यापन कार्य की स्थिति की समीक्षा की गई।
पशु चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान विभाग के अधिकारी (उप संचालक) के आवश्यक विभागीय जानकारी के साथ उपस्थित नहीं होने के कारण उनको कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अभिलाष मिश्रा भी मौजूद थे।
छात्रवृत्ति के लिए एक बार फिर आवेदन करने का मौका
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शिल्पा जैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2018-19 से 2020-21 तक अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थी जो पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु पात्र हैं और तकनीकी कारणों अथवा अन्य कारणों से (पोर्टल बंद होने के पूर्व) पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु एप्लाई नहीं कर सके हैं, वे छात्र तत्काल अपने पात्र होने के कारण एप्लाई कराने की सुविधा हेतु अभिलेखों सहित जनजातीय कार्य विभाग के जिला कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इन छात्रों को 09 मई 2022 से 13 मई 2022 तक आवेदन करने की सुविधा दी गई है।
शूटिंग अकादमी के लिए प्रतिभा चयन 16 मई को हरदा में
खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश की शूटिंग अकादमी हेतु सभी जिलों से खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा। नर्मदापुरम् संभाग के अंतर्गत बैतूल जिले के खिलाडिय़ों की चयन प्रक्रिया हरदा जिले के डिग्री कॉलेज में 16 मई को प्रात: 8.30 बजे से 10.30 बजे तक आयोजित होगी।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मनु धुर्वे से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के इच्छुक प्रतिभावान युवक/युवतियां जिनकी उम्र 13 से 16 वर्ष के मध्य हो, जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहते हैं, वे 16 मई को प्रात: 8.30 बजे डिग्री कॉलेज हरदा में निर्धारित समय में स्वयं के व्यय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकते हैं।



