देश/विदेश

Katihar Accident: बिहार में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के सात लोगों की मौत, मृतकों में पाथाखेड़ा के भी लोग शामिल

Katihar Accident: बिहार में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के सात लोगों की मौत, मृतकों में पाथाखेड़ा के भी लोग शामिल

Katihar Accident: बिहार के कटिहार में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। दिल दहला देने वाले इस हादसे की खबर से मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में स्थित कोलनगरी पाथाखेड़ा में भी मातम छा गया है। मृतकों में पाथाखेड़ा निवासी परिवार के सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं। यह हादसा बिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में दिघरी पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे 81 पर सोमवार देर शाम हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डब्ल्यूसीएल पाथाखेड़ा से सेवानिवृत कोलकर्मी व फुटबाल खिलाड़ी अरुण ठाकुर अपने परिवार सहित पैतृक गांव बिहार के खेरिया गांव गए थे।

सोमवार शाम को वे ऑटो से परिवार सहित कटिहार जंक्शन आ रहे थे। इसी बीच दिघरी पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को कुचल दिया। इससे ऑटो में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने टायर जलाकर और नारेबाजी कर विरोध जताया।

बताया जाता है कि इस हादसे में अरुण ठाकुर, पत्नी उर्मिला देवी, धनंजय ठाकुर, उनकी बहू और 4 माह की बच्ची समेत 3 अन्य लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पाथाखेड़ा में भी मातम छा गया है।

संभावना जताई जा रही है कि घने कोहरे की वजह से यह हादसा हुआ। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय क्षेत्र में दृश्यता (विजिबिलिटी) 10 से भी कम थी। हादसे की सूचना मिलने पर कोढ़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button