MP Commercial Gas Cylinder Supply: युद्ध का असर एमपी तक: कमर्शियल गैस सिलेंडर सप्लाई रुकी, 2000 होटल बंद होने का खतरा
पश्चिम एशिया तनाव का असर मध्यप्रदेश में, कई शहरों में कमर्शियल गैस बुकिंग बंद, होटल कारोबार पर संकट

MP Commercial Gas Cylinder Supply: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब भारत के कई हिस्सों में महसूस किया जाने लगा है। मध्यप्रदेश में भी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर हालात बदलते दिखाई दे रहे हैं। कई शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी गई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित होने लगा है। स्थिति यह है कि राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में हजारों छोटे होटल बंद होने के खतरे में आ गए हैं। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के लिए भी नए नियम लागू होने से आम लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।
होटल कारोबार बुरी तरह प्रभावित
मध्यप्रदेश के कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अचानक प्रभावित हो गई है। ऑयल कंपनियों ने सोमवार से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है, जिसके कारण होटल और रेस्टोरेंट चलाने वालों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस की कमी के चलते कई छोटे होटल अपना कामकाज सीमित करने को मजबूर हैं।
भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल के अनुसार राजधानी भोपाल में ही करीब दो हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट ऐसे हैं जिनके बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। उनका कहना है कि फिलहाल जो गैस स्टॉक मौजूद है वह एक-दो दिन में खत्म हो सकता है। इसके बाद बड़े होटलों को भी संचालन में मुश्किलें आने की आशंका है।
प्रदेश के बड़े शहरों में बुकिंग बंद
कमर्शियल सिलेंडर की कमी का असर सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग फिलहाल बंद कर दी गई है। गैस एजेंसियों की ओर से बताया जा रहा है कि इस समय केवल इमरजेंसी सेवाओं और अस्पतालों को ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जबलपुर में होटल उद्योग पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। कई होटल संचालक गैस की कमी के कारण परेशान हैं। वहीं इंदौर में होटल व्यवसायियों ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए बैठक भी बुलाई है। इंदौर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी का कहना है कि फिलहाल होटल चल रहे हैं, लेकिन यदि गैस की सप्लाई जल्द शुरू नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और कठिन हो सकती है। उज्जैन में भी पिछले दो दिनों से कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
घरेलू गैस सिलेंडर के लिए भी बढ़ा इंतजार
कमर्शियल गैस के साथ-साथ घरेलू सिलेंडर को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। कई शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है। पहले जहां सिलेंडर बुकिंग के लिए 15 दिन का अंतराल तय था, उसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
इसके अलावा बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी भी तुरंत नहीं मिल रही है। कई जगहों पर ग्राहकों को सात दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इंदौर में घरेलू गैस सिलेंडर चार से पांच दिन में मिल पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने बुलाई समीक्षा बैठक
भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने गैस सिलेंडर की स्थिति को लेकर ऑयल कंपनियों, गैस एजेंसियों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई। बैठक में सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सरकार का दावा, आपूर्ति में कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है। उनका कहना है कि राज्य में खाद्य सामग्री, गैस और तेल की आपूर्ति के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और उसके मार्गदर्शन में सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
- यह भी पढ़ें : Gold Silver Price Today: सोना-चांदी के फिर गिरे दाम, चांदी 1560 रुपये टूटी, सोना भी हुआ सस्ता, पश्चिम एशिया तनाव का असर
आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए समिति
मंगलवार को मंत्रालय में खाड़ी देशों में बने हालात को देखते हुए खाद्य और नागरिक आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन सदस्यीय मंत्री और अधिकारियों की एक समिति बनाई गई है, जो प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करेगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल कदम उठाएगी।
विदेशों में फंसे लोगों की वापसी के प्रयास
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि खाड़ी देशों में काम, पर्यटन या अन्य कारणों से गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा रही है। खासतौर पर मध्यप्रदेश के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है। सरकारी हेल्पलाइन पर अब तक 255 लोगों ने संपर्क किया है। इन सभी लोगों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
- यह भी पढ़ें : Vastu Tips for Home: बिना खर्च के दूर करें घर का वास्तु दोष, इन आसान उपायों से आएगी सकारात्मक ऊर्जा
समीक्षा बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
मंत्रालय में आयोजित इस बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रभारी मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी, परिवहन सचिव और जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



