बैतूल अपडेट

Fake Doctors Betul Action: बैतूल में बड़ी कार्रवाई: दो डॉक्टरों के क्लीनिक सील, दवाइयां जप्त; झोलाछाप कर रहे थे इलाज

Fake Doctors Betul Action: बैतूल। बिना योग्यता और पंजीयन के इलाज का धंधा चलाने वालों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाडे ने बताया कि घोड़ाडोंगरी और आमला तहसील में दो झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिक पर छापा मारकर उन्हें सील किए जाने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन और उपचार उपकरण को जप्त किया गया है।

टीम में शामिल डीएचओ डॉ. राजेश परिहार, बीएमओ डॉ. अशोक नरवरे एवं डीसीएम कमलेश मसीह ने शनिवार को आमला तहसील के ग्राम जम्बाड़ा स्थित झोलाछाप डॉ. धनराज चंदेल के क्लीनिक पर छापा मारा।

बिना डिग्री के खोल लिया क्लीनिक

उक्त डॉक्टर द्वारा बिना किसी डिग्री के अवैध क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। टीम ने दवाइयों को जप्त किया तथा क्लीनिक को सील कर दिया। टीम द्वारा यह कार्रवाई बिना वैध अनुमति के चिकित्सा संचालन की शिकायतों के आधार पर की गई।

Fake Doctors Betul Action: बैतूल में बड़ी कार्रवाई: दो डॉक्टरों के क्लीनिक सील, दवाइयां जप्त; झोलाछाप कर रहे थे इलाज
Fake Doctors Betul Action: बैतूल में बड़ी कार्रवाई: दो डॉक्टरों के क्लीनिक सील, दवाइयां जप्त; झोलाछाप कर रहे थे इलाज

दूसरी कार्रवाई चिखलपाटी में

इसी प्रकार सीएमएचओ डॉ. हुरमाडे के निर्देश पर गठित जांच दल में शामिल अर्बन नोडल अधिकारी बैतूल डॉ.रत्नेश खाड़े, सीबीएमओ शाहपुर, ड्रग इंस्पेक्टर संजीव जादोन, एपीएम श्री प्रकाश माकोडे के द्वारा घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम चिखलपाटी में घर पर संचालित एलोपैथिक क्लिनिक का भी निरीक्षण किया।

मरीज का किया जा रहा था इलाज

निरीक्षण के दौरान रघुनाथ फौजदार घर पर ही मरीज का उपचार करते हुए पाए गए। मौके पर एलोपैथिक दवाइयां, बायोमेडिकल वेस्ट, खुले इंजेक्शन वायल, सील्ड सिरप, टैबलेट्स, स्टेथोस्कोप, नेबुलाइजर, बीपी मशीन सहित कई उपचार उपकरण प्लास्टिक बॉक्स में रखे मिले।

नहीं पेश कर पाए कोई दस्तावेज

दल द्वारा जब उनसे एलोपैथिक उपचार की योग्यता से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो उन्होंने कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद दल ने पंचनामा तैयार कर औषधियां और मेडिकल वेस्ट जब्त कर सील किया।

सिकल सेल रोगियों के लिए विशेष फॉलो-अप स्वास्थ्य शिविर 10 से 13 तक

सिकल सेल रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 नवंबर से 13 नवंबर 2025 तक विशेष फॉलो-अप स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जिला अस्पताल बैतूल तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया जाएगा।

नि:शुल्क होंगी सभी प्रमुख जांचें

शिविर के दौरान सीबीसी, एलएफटी, आरएफटी और यूरिन रूटीन सहित सभी प्रमुख जांचें निशुल्क की जाएंगी। साथ ही मरीजों को हाइड्रोक्यूरिया एवं फॉलिक एसिड दवा का वितरण किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रोगियों को नि:शुल्क रक्त की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

हर तीन महीने में जांच है जरुरी

सिकल सेल नोडल जिला अस्पताल ने बताया कि सिकल सेल रोगी के लिए प्रत्येक तीन माह में जांच करवाना आवश्यक है, ताकि समय पर उपचार मिल सके और गंभीर स्थिति से बचाव हो सके। इस विशेष अभियान का संचालन स्वास्थ्य विभाग बैतूल द्वारा किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button