बैतूल अपडेट

Cow Smuggling in MP: एमपी में 108 एंबुलेंस से गौवंश तस्करी का पर्दाफाश! पुलिस ने बचाए 10 मवेशी

Cow Smuggling in MP: गौवंश की तस्करी में लगे शातिर अपराधी अब आपातकालीन सेवाओं की आड़ लेने में भी संकोच नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के बैतूल में सामने आया है। यहां एक 108 एंबुलेंस में गौवंश की तस्करी हो रही थी। पुलिस ने पीछा कर इस 10 गौवंश की जान बचाने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस विभाग बैतूल के जनसंपर्क अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 18-19 नवंबर की रात्रि में मासोद क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि मुलताई मार्ग से होते हुए एक एम्बुलेंस वाहन में गौवंश भरकर अवैध रूप से महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है।

बिसनूर जोड़ पर संभाला मोर्चा

इस सूचना पर पुलिस टीम बिसनूर जोड़ पर चेकिंग के लिए पहुंची। तड़के 3.30 बजे मुलताई रोड की ओर से एक एम्बुलेंस आती दिखाई दी, जिसे रुकने का संकेत दिया गया। चालक ने संकेत को अनदेखा कर वाहन को रगड़गांव-गेहूंबारसा रोड की ओर मोड़कर तेज गति से भगाना शुरू कर दिया।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागा चालक

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने संजू काकोड़िया के घर के पास वाहन छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन का नंबर एमएच-06/जे-9255 पाया गया।

क्रूरतापूर्वक बंधे मिले 10 गौवंश

एम्बुलेंस के पीछे का गेट खोलकर देखा गया तो भीतर 10 गौवंश क्रूरता पूर्वक बंधे हुए मिले। उनके मुंह और पांव पूरी तरह बांधे गए थे और हिलने-डुलने की भी जगह नहीं थी। जांच में पाया गया कि इन गौवंशों को वध हेतु महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था।

गौवंश को पहुंचाया मां गायत्री गौशाला

गौवंश तस्करी की घटना पाए जाने पर मौके पर ही एम्बुलेंस वाहन एवं 10 नग गौवंश (कुल कीमत लगभग 4,78,000 रुपये) जप्त किए गए। गौवंश को मां गायत्री गौशाला, ग्राम बघोड़ा में सुरक्षित सुपुर्द किया गया। वाहन को पुलिस चौकी मासोद में रखा गया है।

आरोपी पर मुलताई थाना में अपराध दर्ज

चालक के फरार होने पर अज्ञात आरोपी चालक के विरुद्ध थाना मुलताई में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में धारा 4, 6, 9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम तथा धारा 11(1)(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button