भाजपा पदाधिकारियों की कामकाजी बैठक में समर्पण निधि अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा, समन्वयक भी बनाए गए

भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की कामकाजी बैठक जिला कार्यालय विजय भवन में संपन्न हुई। बैठक में समर्पण निधि अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा हुई और बूथ विस्तारक येाजना की समीक्षा की गई। बैठक में सांसद दुर्गादास उइके, जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, समर्पण निधि जिला संयोजक सदन आर्य, जिला टोली सदस्य राजा ठाकुर, शिवप्रसाद राठौर और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वसंत बाबा माकोडे मंचासीन थे।
इस मौके पर सांसद दुर्गादास उइके ने कहा कि समर्पण निधि का यह अभियान जहां पार्टी को आत्मनिर्भर बनाएगा वहीं पार्टी का विस्तारीकरण भी करेगा। आज हम भाजपा का जो विशाल रूप देख रहे हैं, वह हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। ऐसे ही एक त्यागी महामानव कुशाभाउ ठाकरे थे। जिनके अथक परिश्रम, निष्ठा और त्याग से प्रदेश ही नहीं देश में भाजपा मजबूत पार्टी बनकर खड़ी हुई।

पार्टी जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि पार्टी को सर्वव्यापी, सर्वग्राही, सर्वस्पर्शी बनाने में यह अभियान सहयोगी होगा। निधि संग्रह हेतु हमें अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करना है। पार्टी नेतृत्व ने आत्मनिर्भर भाजपा बनाने की परिकल्पना को ध्यान में रखकर यह अभियान शुरू किया है। समर्पण निधि अभियान के जिला संयोजक सदन आर्य ने जिला टोली द्वारा बनाई गई कार्य योजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
बैठक में पार्टी जिला महामंत्री एवं बूथ विस्तारक योजना के जिला नियंत्रक कमलेश सिंह ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत कर इस अभियान को सफल बनाया है। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल विस्तारक उपस्थित थे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुुधाकर पंवार ने एवं आभार जिला महामंत्री राहुल चौहन ने व्यक्त किया।
अभियान के विधानसभा समन्वयक बनाए
कुशाभाउ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के तहत समर्पण निधि अभियान के सुचारू संचालन हेतु निधि संग्रह के जिला संयोजक सदन आर्य ने पार्टी जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला की अनुमति से पांचों विधानसभा क्षेत्रो में समन्वयक बनाए हैं। वसंत बाबा माकोड़े को बैतूल विधानसभा, भैंसदेही विजय शुक्ला (गबरू), मुलताई जगदीश पंवार, आमला रंजीत सिंह और घोड़ाडोगरी विधानसभा का समन्वयक कांतिलाल यादव को बनाया गया है।



