दिन दहाड़े शोरूम संचालक के सूने घर में चोरी, 5 लाख के जेवर सहित 80 हजार रुपए उड़ाए
▪️ विजय सावरकर, मुलताई
मुलताई नगर में आए दिन चोरी की घटनाएं जारी है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े सूने मकानों में धावा बोलकर चोरी को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में गुरुवार सुबह अज्ञात चोरों ने बैतूल रोड क्षेत्र में सुभाष वार्ड में स्थित एक सूने मकान में हाथ साफ कर दिया। उन्होंने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर सहित नकद 80 हजार रुपए उड़ा दिए।
सुभाष वार्ड निवासी शोरूम संचालक रामानंद पठाड़े ने बताया कि बैतूल रोड पर उनका ट्रैक्टर शोरूम है। पत्नी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम है। गुरुवार सुबह 11.30 बजे के दरमियान वे शोरूम पर चले गए थे। पत्नी संध्या सरकारी काम से पारड़सिंगा गई हुई थी। जिसके चलते घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था।
करीब 1 घंटे बाद दोपहर 12.40 बजे के दरमियान वे बस स्टैंड से वापस शोरूम जा रहे थे। उसी दौरान रोड पर से अपने मकान पर नजर पड़ी तो दरवाजे खुले हुए दिखाई दिए। जिसके चलते तुरंत घर पहुंचे। उन्होंने पाया कि दरवाजे पर ताला नहीं था। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी खुली हुई थी। रामानंद पठाड़े की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है।
Read Also : प्रभातपट्टन में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित देवीराम बनखेडे ने दर्ज की जीत
घर से यह ले गए अज्ञात चोर
अलमारी में रखी 3 सोने की चैन, 3 सोने की अंगूठी, बच्चों को उपहार में मिली 15 चांदी की चैन, 700 ग्राम का चाँदी का बिस्किट, 3 सोने के मंगलसूत्र, सोने की 2 जोड़ झुमकी, 1 जोड़ कान के झाले, 6 जोड़ बेटी की कान की बालियां, 3 जोड़ चांदी की पायल और 80 हजार रुपए नकद नदारद थे। श्री पठाड़े ने बताया अज्ञात चोरों ने दिन दहाड़े घर में सेंध लगाकर लगभग 5 लाख रुपए की चपत लगाई है।
Read Also : प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने मचाया हंगामा; इधर एक युवक ने लगाई फांसी, एक ट्रेन से कटा



