बैतूल अपडेट
Betul News : अवैध ईंट भट्टों पर सरपंच ने अपने सामने कराई कार्रवाई, संचालकों में मचा हड़कंप
Betul News : Sarpanch got action done in front of him on illegal brick kilns, stir among operators

▪️प्रकाश सराठे, रानीपुर
Betul News : घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पेसा एक्ट के तहत अधिसूचित क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत रानीपुर मेहकार, रतनपुर, आमढाना, अनकावाड़ी सहित दर्जन भर से अधिक ग्रामों में अवैध ईट भट्टों का कारोबार फल-फूल रहा था। जिसकी भनक ग्राम पंचायत मेहकार के सरपंच को लगते ही उन्होंने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ग्राम पंचायत मेहकार के राजस्व हल्का पटवारी अनिल उईके के द्वारा मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर अवैध ईट भट्टों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर उच्च अधिकारियों को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।

सरपंच राजकुमार, जनपद सदस्य मोनिका डॉ. भगवानदास सिनोटिया, जसमीत सिनोटिया, आकाश मलैया, विनोद नर्रे, गोकुल नर्रे आदि ने बताया कि क्षेत्र में चल रहे अवैध ईट भट्टों पर शीघ्र ही रोक लगानी चाहिए ताकि क्षेत्र की जमीन बंजर ना हो सके। सरपंच राजकुमार नर्रे ने बताया कि क्षेत्र की आदिवासी जनता को गुमराह करके उनकी जमीन को कौड़ियों के दाम पर लीज पर लेकर जमीन को बंजर की जा रही है।
पेसा एक्ट का इन लोगों द्वारा खुला उल्लंघन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ईट भट्टों का संचालन करने वाले लोगों ने किसी भी अधिकारी के कार्यालय से अनुमति प्राप्त नहीं की है। अपनी जाति की धौंस दिखा कर खुलेआम पेसा एक्ट का उल्लंघन करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इस संबंध में घोड़ाडोंगरी तहसीलदार महिमा मिश्रा ने बताया कि हल्का पटवारी को भेजकर जांच करवा कर संबंधित ईट भट्टा संचालकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।



