bloody conflict : मेढ़ के विवाद पर भिड़े 2 पक्ष, सिर पर मारी सब्बल, जिला अस्पताल रेफर

बैतूल जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र में मेढ़ के विवाद पर आज दो पक्ष भिड़ गए। इसमें एक पक्ष के पिता-पुत्र घायल हो गए। बेटे के सिर पर सब्बल मारी गई है। जिससे उसे 14 टांके आए हैं। उसे बीजादेही में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दूसरे पक्ष से भी 2 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर ब्लॉक के गुल्लरढाना में आज मेढ़ के विवाद पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस मामले में आशाराम पिता रामकिसन यादव (52) निवासी गुल्लरढाना (टांगनामाल) ने रिपोर्ट की है कि आज सुबह 9 बजे करीब अपने घर के पास जीना बनाने के लिए गड्ढा खोद रहा था। तभी पूरन पिता मंशाराम और कृष्णाबाई अश्लील गाली-गलौज करते हुए कहने लगे कि हमारी जमीन पर गड्ढा क्यों खोद रहा है। मैंने कहा कि मेरे आहते में हैं। इतने में पूरन लठ्ठ से मारपीट करने लगा। कृष्णाबाई ने थप्पड़-मुक्के से मारपीट की। मैं चिल्लाया तो आवाज सुनकर मेरा बेटा नेकराम बीच-बचाव करने आया। इस पर पूरन ने नेकराम को सब्बल से मारपीट की। जिससे नेकराम के सिर में चोट लग गई। मारपीट से मुझे भी चोटें आई है। नेकराम को चोटें ज्यादा होने से थाना से सीधे अस्पताल इलाज के लिए लाए है। इस पर पुलिस ने पूरन पिता मंशाराम यादव, कृष्णा पति मंशाराम यादव के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
दूसरी ओर पूरन पिता मंशाराम यादव (35) ने रिपोर्ट की है कि आज खेत की मेड़ में आशाराम यादव खुदाई कर रहा था। मैंने मना किया कि मेढ़ मत तोड़ो। मेरी मां कृष्णा भी आई और उसने भी मना किया। इस पर आशाराम गाली-गलौज करते हुए लठ्ठ से मेरे साथ मारपीट करने लगा। मेरी मां बीच बचाव करने आई तो उसे भी लठ्ठ से मारपीट की। नेकराम और संतराम भी दौड़कर आए। उन्होंने भी मेरे साथ तथा मां कृष्णाबाई के साथ लठ्ठ से मारपीट की। इस घटना में मुझे और मेरी मां दोनों को चोटें आई हैं। इस पर पुलिस ने आशाराम पिता रामकिसन यादव, नेकराम पिता आशाराम यादव और संतराम यादव के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।



