Dam me dube yuvak : प्रतिमा विसर्जित करने गए दो युवक डैम में डूबे, तलाश में जुटी पुलिस; चिचोली में विसर्जन जुलूस में गोली चलने से युवक घायल
• निखिल सोनी, आठनेर
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करने गए दो युवक डैम में डूब गए। घटना आठनेर थाना क्षेत्र की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। युवकों की तलाश की जा रही है। उधर चिचोली थाना क्षेत्र में विसर्जन जुलूस में चली गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है। वहीं घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में ट्रैक्टर से गिरने और कुचलने से एक मासूम की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसनूर टेमुरनी जलाशय में 2 युवक पानी में डूब गए। पुलिस ने मामले की जानकारी दी है कि अन्य ग्रामीणों के साथ बिसनूर के विवेक धोटे और गोकुल मालवीय भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जलाशय पहुंचे थे। इस बीच अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गए। फिलहाल पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश करने सर्चिंग आपरेशन शुरू कर दिया है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं।
अचानक ब्रेक लगाने से ट्रैक्टर की चपेट में आई बालिका
घोड़ाडोंगरी के खाखरा कोयलारी गांव की आरती धुर्वे उम्र 10 वर्ष ट्रैक्टर पर बैठी थी। इसी दौरान चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने पर बालिका नीचे गिरकर पहिए की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। शव को आज पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल लाया गया है। रानीपुर पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
विसर्जन जुलूस में चली गोली से युवक घायल
उधर चिचोली नगर में बुधवार रात्रि में प्रतिमा विसर्जन के लिए निकाले गए जुलूस के दौरान की गई फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली युवक के गर्दन में जाकर धंस गई थी। गंभीर रूप से घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घायल युवक के गले से 6.5 एमएम की गोली निकाली गई है। बताया जा रहा है कि विसर्जन जुलूस के दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति जुलूस में घुस गया था और उसने हर्ष फायर किया। इसके बाद वह व्यक्ति जुलूस में दिखाई नहीं दिया। इस फायर में एक युवक हर्षित पटवा की गर्दन में गोली लग गई। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायल युवक को संजीवनी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना बस स्टैंड से जयस्तंभ के बीच मुख्य मार्ग पर जनपद परिसर गेट के सामने हुई थी।



