रविवार से लापता था युवक, मंगलवार संदिग्ध हालत में कुएं में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

बैतूल। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में रविवार से लापता युवक का शव मंगलवार को संदिग्ध हालत में मिला है। युवक दीपा मांडई गांव का रहने वाला है। जबकि उसका शव बाँसखापा गांव में एक किसान के खेत के कुएं में मिला है। पुलिस ने शव का पीएम कराया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दीपा मांडई निवासी अजीत पिता रामदयाल परते रविवार रात 10 बजे से लापता था। अजीत के पिता ने बताया कि उसे खोजने की बहुत कोशिश की गई। लेकिन पता नहीं चला। उसके बाद उन्होंने बोरदेही थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुमशुदगी की सूचना के बाद बोरदेही पुलिस ने जांच शुरू की। इस बीच मंगलवार को अजीत की लाश बांसखापा ग्राम में एक किसान के खेत के कुएं से बरामद हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया है। मर्ग कायम कर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।



