Betul Accident Today : बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर मोटर साइकिलों की भिड़ंत, युवक की मौत; तिवरखेड़ में पुलिया के नीचे मिला शव
Betul Accident Today: Motorcycle collision on Betul-Parasia State Highway, death of a youth; Dead body found in a well in Tiwarkhed

Betul Accident Today: बैतूल जिले के बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर गुरुवार देर शाम दो मोटर साइकिलों की भिड़ंत हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। उधर मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरखेड़ में एक मजदूर का शव पुलिया के नीचे मिला है। बैतूल जिला अस्पताल में पुताई कर रहा एक मजदूर ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल-परासिया स्टेट हाइवे 43 पर सारणी थाना क्षेत्र के कालीमाई नामक स्थान पर गुरुवार शाम करीब 7.25 बजे दो मोटर साइकिलों की आपस में भिडंत हो गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दोनों मोटर साइकिल पर सवार अन्य लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। इस हादसे में मृतक को श्याम धुर्वे निवासी मोरणढाना बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस हादसे में तीन लोग घायल भी हुए हैं। जिसमें एक महिला शामिल है। घायलों को उपचार के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पाथाखेड़ा पुलिस पहुंची और मृत युवक के शव को अस्पताल पहुंचाया गया। गौरतलब है कि इस स्टेट हाईवे पर भी आए दिन हादसे होते रहते हैं।
घर से निकले युवक का शव पुलिया के नीचे मिला
उधर मुलताई क्षेत्र के प्रभातपट्टन ब्लॉक के ग्राम तिवरखेड़ में हाईस्कूल के पास ग्राम वंडली जाने मार्ग पर स्थित पुलिया के नीचे ग्राम के ही निवासी मजदूर का शव पड़ा मिला है। ग्राम तिवरखेड़ निवासी सुभाष पिता जगन्नाथ ठाकरे 40 साल बुधवार शाम में बाहर जाने का कहकर घर से निकला था और रात में वापस नहीं लौटा। परिजनों ने संभावित ठिकानों पर खोजबीन की, लेकिन सुभाष का पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह स्कूल के विद्यार्थियों ने पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। खोजबीन कर रहे सुभाष के परिजनों को भी पुलिया के नीचे शव पड़ा होने की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद मृतक की शिनाख्त सुभाष ठाकरे के रूप मे हुई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए प्रभातपट्टन अस्पताल भिजवाया। सुभाष की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।
पुताई कर रहा मजदूर ऊंचाई से गिरा (Betul Accident Today)
जिला अस्पताल में गुरुवार को रस्सी का झूला टूटने से एक मजदूर 10 से 15 फीट की ऊँचाई से नीचे गिर गया। मजदूर के हाथ मे गंभीर चोट आई है। हालांकि यहां एक बड़ा हादसा होने से टल गया है। रस्सी का झूला टूटने से मजदूर गुलाबराव डोंगरे उम्र 55 वर्ष नीचे गिर गया। मजदूर के हाथ मे गंभीर चोट आई है। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया है। इस हादसे के बाद कंपनी की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
नहीं थे कोई भी सुरक्षा इंतजाम
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल की पुताई का काम लाखन सिंह चौहान कंपनी को दिया है। हादसे के बाद मजदूरों की सुरक्षा में बड़ी चूक का नजारा देखने को मिला। जब मजदूर रस्सियों की मदद से लटकर पुताई का कार्य कर रहे थे। इन मजदूरों के पास सुरक्षा बेल्ट तथा हेलमेट नहीं थे। कंपनी की तरफ से पुताई कर रहे मजदूरों को कोई सेफ्टी दस्ताने भी नही दिए गए थे।
comet star : गुरुवार की रात आसमान में नजर आई अनूठी आकृति, उत्सुकता के साथ किए दीदार



