Betul Today News: पंजीयन विभाग में बदइंतजामी, कल से हड़ताल पर रहेंगे सेवा प्रदाता, नहीं होंगी ई-रजिस्ट्री
Betul Today News: Mismanagement in the registration department, service providers will be on strike from tomorrow, there will be no e-registry
Betul Today News: (बैतूल)। जिला सेवा प्रदाता संघ के बैनर तले जिले भर के सेवा प्रदाता कल 15 जून से कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। सेवा प्रदाता बार-बार सर्वर ठप होने, ई-रजिस्ट्री संपदा प्रणाली के सर्वर लूपिंग, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क रिफण्ड सहित समस्या पैदा करने वाली अन्य गड़बड़ियों का विरोध कर रहे हैं।
सेवा प्रदाता संघ के अध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि समस्या यह है कि बार-बार सर्वर टूटने से लंबे समय तक देरी होती है और पूरा शेड्यूल बिगड़ जाता है। उसके ऊपर, हमें अपने ग्राहकों को शांत करना होता है। इन सभी परेशानियों के निराकरण की मांग को लेकर सेवा प्रदाताओं द्वारा हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। संगठन के अध्यक्ष मनीष शर्मा ने आम जनता से निवेदन किया है कि इस अवधि में समस्त सेवा प्रदाताओं को अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें, ताकि शासन उक्त समस्याओं का त्वरित निराकरण करें। जिला सेवा प्रदाता संघ बैतूल द्वारा हड़ताल की सूचना विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी, जिला पंजीयक, उप पंजीयक को प्रेषित कर दी गई है।
विगत 8 महीनों से हो रही परेशानी
सेवा प्रदाताओं का कहना है कि ई-रजिस्ट्री संपदा प्रणाली के सर्वर लूपिंग, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क रिफण्ड, आदि समस्याओं से सभी सेवा प्रदाताओं की रोजी रोटी एवं दिनचर्या प्रभावित हो रही है। विगत 6 से 8 महीने से यह परेशानी निरंतर बनी हुई है। समस्या का तत्काल निराकरण करने की मांग को लेकर कार्यालय उप पंजीयक जिला मुख्यालय बैतूल, कार्यालय उप पंजीयक मुलताई एवं कार्यालय उप पंजीयक भैंसदेही के सभी सेवाप्रदाता कलमबंद हड़ताल प्रारंभ कर रहे हैं।
सब रजिस्ट्रार एवं स्टाफ पर लगाए मनमानी के आरोप
सेवा प्रदाताओं ने बताया कि एक तरफ ई -पंजीयन हेतु संपदा प्रणाली के सर्वर के लगातार 6 माह से अधिक से लुपिंग करने एवं सर्वर डाउन रहने से हम सभी सेवाप्रदाता परेशान हैं, दूसरी तरफ कार्यालय उप पंजीयक बैतूल के सब रजिस्ट्रार एवं स्टाफ के मनमाने रवैये से भी आम जनता एवं सेवाप्रदाता अत्यधिक परेशान हैं। समस्याओं को बार-बार पूर्व में संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में विगत 6 माह से अधिक से लाया जा रहा है, लेकिन कोई उचित समाधान नहीं निकाला जा रहा है। इसलिये 15 जून से 20 जून 2023 तक कलमबंद हड़ताल कर रहे हैं। यह हड़ताल पूरी तरह शांति पूर्वक रहेगी। किसी प्रकार की नारेबाजी भी नहीं की जाएगी। हमारा उद्देश्य शासन का ध्यान उपरोक्त समस्याओं की ओर आकर्षित करना और समस्याओं का स्थायी समाधान प्राप्त करना है।



