Baso ki takkar: छिंदवाड़ा हाईवे पर बसों की भिड़ंत, आठ यात्री हुए घायल, बस के नीचे फंस गया था एक यात्री, चार गंभीर नागपुर रेफर
Betul news : बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो बसों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत (clash between buses) हो गई। हादसा मुलताई-छिंदवाड़ा हाईवे (Multai-Chhindwara Highway) पर ग्राम घाट पिपरिया के पास हुआ। दुर्घटना में बस में सवार 8 यात्री घायल हो गए। जिन्हें मुलताई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में दोनों ही बसों का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा से भोपाल जा रही फौजदार बस एवं मुलताई से छिंदवाड़ा की ओर जा रही अटल बस में आमने-सामने की टक्कर हुई। यात्रियों का कहना है कि बस तेज रफ्तार से चल रही थी। इसी के चलते हादसा हुआ। यात्रियों का साफ कहना है कि उन्होंने ड्राइवर से बस धीरे चलाने को भी कहा। लेकिन, वह नहीं माना। देखें वीडियो…
इस दुर्घटना में आरुष अग्रवाल (12 साल), प्रीति अग्रवाल (40 साल), दिनेश निवासी देवास, महेश निवासी भोपाल, पिंटू निवासी पारसठानी, रवि निवासी भोपाल, एक 16 वर्षीय किशोरी निवासी छिंदवाड़ा एवं बसंत होशंगाबाद निवासी बुरी तरह घायल हो गए। सभी का मुलताई के सरकारी अस्पताल में उपचार किया गया।

चार घायलों को किया नागपुर रेफर
बताया जा रहा है कि मौके पर आरूष अग्रवाल बस के नीचे फंस गया था। जिसे ग्रामीणों ने बमुश्किल बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद दोनों बस के कंडक्टर मौके से भाग गए थे। एक बस के ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है। उसका भी इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें नागपुर रेफर किया है।



