IMD Alert : इन 13 जिलों में होली पर बरस सकते हैं बदरा, मौसम विभाग ने जताया पूर्वानुमान
IMD Alert: Badra may rain on Holi in these 13 districts, Meteorological Department forecast

IMD Alert: मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम के मिजाज बदले हुए हैं। ठंड के बाद तापमान बढ़ने लगा था। सूर्यदेव के तीखे होते तेवरों के चलते लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा था। इसी बीच एक बार फिर मौसम बदल गया। आसमान पर जहां बादल छा गए वहीं दो दिन से तो हल्की बारिश भी कई स्थानों पर हुई। अब मौसम विभाग ने एक बार फिर प्रदेश के 13 जिलों में अगले 24 घंटों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग के मौसम केंद्र भोपाल द्वारा सोमवार को जारी बुलेटिन में मौसम का पूर्वानुमान बताया गया है। इसके अनुसार 7 मार्च को नर्मदापुरम (नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिले) एवं इंदौर संभाग के जिलों (अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, खरगौन) तथा नीमच व मंदसौर जिलों में वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। शेष जिलोुं में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा।
इसके साथ ही नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, गिरने एवं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी भी मौसम विभाग ने दी है। यह चेतावनी और पूर्वानुमान 7 मार्च के लिए जताया गया है। उल्लेखनीय है कि 7 मार्च को प्रदेश भर में होलिका दहन किया जाएगा। ऐसे में यदि बारिश होती है तो श्रद्धालुओं को होलिका दहन में परेशानी आ सकती है।
इन स्थानों पर हुई है बारिश (IMD Alert)
उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई थी। इनमें गुना, बमौरी में एक सेंटीमीटर बारिश हुई है। शेष संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहा है।
तापमान की यह रही स्थिति
मौसम का मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान भी गिरा है। रीवा, सागर संभागों के जिलों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ, लेकिन नर्मदापुरम संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान गिरा। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से काफी कम तापमान रहा। वहीं रीवा और सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रहा। प्रदेश का सर्वाधिक तापमान राजगढ़ में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में भी गिरावट
इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। भोपाल, शहडोल और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। ग्वालियर, उज्जैन, रीवा और सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



