Road par gira ped : बैतूलबाजार मार्ग पर गिरा आम का पेड़, रास्ता बंद : इस साल बारिश तोड़ रही सारे रिकॉर्ड

बैतूल (Betul Update)। बैतूलबाजार नगर के प्रवेश मार्ग पर मंगलवार शाम को एक बड़ा आम का पेड़ गिर गया। लगातार हो रही वर्षा के कारण पुराना विशाल आम का पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन बंद हो गया है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर इस साल जिले में बारिश सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए नजर आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शी दिल्लू वर्मा और चमन चौरसिया ने बताया कि पुराना नाका से बैतूलबाजार में प्रवेश करने वाले मार्ग पर पंप हाउस के करीब शाम करीब सात बजे अचानक पेड़ गिर गया। इस दौरान लोगों की आवाजाही भी हो रही थी। लेकिन, जिस समय पेड़ गिरा वहां से कोई गुजर नहीं रहा था। अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। पूरी सड़क पर पेड़ के गिर जाने से यातायात बंद हो गया है। लोगों को अब बालाजीपुरम मार्ग से ही आवाजाही करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर परिषद से पेड़ को सड़क से हटाने के लिए मांग की है।
- Read Also : अब टेमनी धावडी में दस लाख में बना परकोलेशन टैंक फूटा, आरईएस के कार्यों की गुणवत्ता का एक और नमूना सामने
हजार के करीब पहुंचा आंकड़ा
इधर इस साल बारिश का आंकड़ा अभी ही हजार मिलीमीटर के करीब पहुंच गया है। मंगलवार सुबह 8 बजे तक जिले में 994.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। बीते मात्र 24 घंटे में ही औसत 46.4 मिलीमीटर बारिश हो गई है। सबसे ज्यादा 83.4 मिलीमीटर बारिश शाहपुर ब्लॉक में हुई जबकि 70 मिलीमीटर बारिश आमला ब्लॉक में दर्ज की गई है। भैंसदेही और आठनेर में भी 53 और 53.3 मिलीमीटर बारिश हुई। अन्य ब्लॉकों में भी अच्छी बारिश हुई है।
तीन ब्लॉकों में हुई औसत बारिश
अभी तक जिले के 3 ब्लॉकों में औसत बारिश का आंकड़ा पार हो चुका है। जिले की औसत बारिश 1083.9 मिलीमीटर है। जबकि घोड़ाडोंगरी में अभी तक 1445.3 मिलीमीटर, चिचोली में 1153.6 मिलीमीटर और भीमपुर में 1196 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। शाहपुर भी औसत के करीब है। वहां 1058.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। पिछले साल अभी तक जिले में मात्र 630.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी।



