Indian Railways: IRCTC को मेन्यू में बदलाव की मिली छूट, अब ट्रेनों में मिलेगा इस तरह का भोजन, त्योहारों पर होंगे खास पकवान

नई दिल्ली। अभी तक ट्रेनों में भोजन लेने पर बहुत ज्यादा विकल्प नहीं थे। आईआरसीटीसी (IRCTC) का पहले जो मेन्यू तय है, उसी में से आपको अपने लिए सबसे का बेहतर ऑर्डर देना होता था। यदि आप किसी क्षेत्र विशेष का पसंदीदा भोजन करना चाहते हैं या फिर आपको किसी त्योहार विशेष पर उपवास आदि के लिए कुछ चाहिए तो ऐसा कोई प्रावधान नहीं था। यही नहीं आपकी सेहत ठीक नहीं है और कोई परहेज चल रही है तो इसका भी कोई हल नहीं था।
इसकी सीधी सी वजह यह थी कि आईआरसीटीसी ट्रेनों में वही भोजन परोस सकता था, जिसका मेन्यू रेल मंत्रालय ने मंजूर किया है। इससे हटकर यात्रियों की पसंद के आधार पर आईआरसीटीसी अपनी ओर से कुछ भी उपलब्ध नहीं करा सकता था। लेकिन अब ट्रेनों में खानपान सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए रेल मंत्रालय ने आईआरसीटीसी को मेन्यू में जरूरी बदलाव करने की छूट देने का निर्णय लिया है।
यह पहल इसलिए की गई है ताकि क्षेत्रीय व्यंजनों/प्राथमिकताओं, मौसमी व्यंजनों, त्योहारों के दौरान आवश्यकता, यात्रियों के विभिन्न समूहों की पसंद के अनुसार जैसे मधुमेह भोजन, शिशु आहार, बाजरा आधारित स्थानीय उत्पादों सहित स्वास्थ्य भोजन विकल्प आदि खाद्य पदार्थों को मेन्यू में शामिल किया जा सके। इसके चलते खान-पान नीति में कई बदलाव रेलवे द्वारा किए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत जिन प्रीपेड ट्रेनों में केटरिंग (Catering in Trains) शुल्क यात्री किराए में शामिल है, उनके लिए मेन्यू का निर्धारण आईआरसीटीसी द्वारा पहले से अधिसूचित टैरिफ के भीतर किया जाएगा। इसके अलावा, इन प्रीपेड ट्रेनों में भोजन के अलग-अलग व्यंजनों और एमआरपी पर ब्रांडेड खाद्य पदार्थों की बिक्री की भी अनुमति होगी। भोजन के ऐसे अलग-अलग व्यंजनों का मेन्यू और टैरिफ आईआरसीटीसी द्वारा तय किया जाएगा।
अन्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों (Mail/Express Trains) के लिए, मानक भोजन जैसे बजट श्रेणी के खाद्य पदार्थों का मेन्यू पहले से अधिसूचित टैरिफ के भीतर आईआरसीटीसी द्वारा तय किया जाएगा। जनता भोजन के मेन्यू और टैरिफ में कोई बदलाव नहीं होगा। मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भोजन के अलग-अलग व्यंजनों और एमआरपी पर ब्रांडेड खाद्य पदार्थों की बिक्री की अनुमति होगी। भोजन के ऐसे अलग-अलग व्यंजनों का मेन्यू और टैरिफ आईआरसीटीसी द्वारा निर्धारित किया जाएगा।
- Also Read : Flipkart लाया महासेल : Premium फोन Nothing (1) पर दिया जा रहा अब तक का सबसे बड़ा Discount
मेन्यू तय करते समय, आईआरसीटीसी यह सुनिश्चित करेगा कि भोजन और सेवा की गुणवत्ता और मानकों में उन्नयन को बनाए रखा गया है और यात्रियों की शिकायतों से बचने के लिए मात्रा और गुणवत्ता में कटौती, स्तरहीन ब्रांडों के उपयोग आदि से सम्बंधित बार-बार और अनुचित बदलाव नहीं होने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय किये गए हैं। मेन्यू को टैरिफ के अनुरूप होना चाहिए और मेन्यू को यात्रियों की जानकारी के लिए पूर्व-अधिसूचित किया जाना चाहिए तथा इसे पेश किये जाने से पहले इसके बारे में रेलवे को परामर्श दी जानी चाहिए।



