5 मौतें: विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत, ग्रामीण की नृशंस हत्या

बैतूल जिले में शुक्रवार को एक के बाद एक मौतों के मामले सामने आते रहे। आज कुल मिलाकर 5 असामयिक मौतें हुई हैं। जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई वहीं एक ग्रामीण की नृशंस हत्या कर दी गई। इधर मोहदा थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगा ली वहीं मछली पकड़ने गए एक युवक का शव नदी में मिला है। उधर मुलताई थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की कुएं में गिरने से मौत हो गई।
जादू-टोने के संदेह में हत्या, विवाहिता की संदिग्ध मौत
- निखिल सोनी, आठनेर
आठनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम खापा में एक विवाहित महिला ललिता पति रमेश चौरे (39) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद बैतूल पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद जांच करने आज मौका स्थल पर पहुंची है। यहां पर अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं परिजनों से भी पूछताछ की है।
थाना प्रभारी जंयत मर्सकोले ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस मामले में हर पहलुओं की जांच करेंगी। इधर सूत्रों की बात माने तो उक्त विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है । बैतूल पुलिस अधीक्षक के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर उक्त मामले की जांच करने के संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए है।आठनेर थाना क्षेत्र के ही ग्राम बोरपेंड के टोपा ढाना में जादू टोने के शक में एक अधेड़ की हत्या कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टोपा ढाना में जादू टोने के शक में छतन पिता जुगन उइके की गांव के ही एक युवक ने पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी है। इस घटना से गांव में सनसनी है।
मछली पकड़ने गए युवक का शव मिला
◾लवकेश मोरसे, दामजीपुरा
मोहदा थाना क्षेत्र में आने वाले मोहटा में कमल पिता सबूलाल काजले (30) की मौत नदी में मछली पकड़ने के दौरान हो गई। थाना मोहदा के प्रधान आरक्षक रोहित टेकाम ने बताया कि कमल खंडू नदी में मछली पकड़ने गया था। उसका शव नदी में मिला है। मौत किस वजह से हुई है, यह तो पीएम के बाद ही पता चल पाएगा। अभी पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजा गया है।पैर फिसलने से बिना मुंडेर के कुएं में गिरा किसान, मौत

◾विजय सावरकर, मुलताई
मुलताई थाना क्षेत्र के चौथिया गांव में पांव फिसलने से कुएं में गिर कर पानी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम चौथिया निवासी किसान सतीश पिता कचरया छछाने (42) शुक्रवार सुबह ग्राम शेरगढ़ की सीमा में स्थित खेत में फसल की सिंचाई करने के लिए गया था।सतीश खेत में स्थित बिना मुंडेर के कुएं पर लगे इंजिन को चालू कर रहा था। उसी दौरान सतीश का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। कुए में भरे पानी में डूबने से सतीश की मौत हो गई। सुबह 10 बजे सतीश के पिता कचरया खाना लेकर खेत पर गए तो सतीश खेत में नहीं दिखा।
कचरया ने उसकी तलाश की। तलाश के दौरान सतीश का शव कुएं के पानी में तैरता हुआ नजर आया। घटना की सूचना पर प्रभातपट्टन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक उत्तम मस्तकार मौके पर पहुंचे। पंचनामा बनाकर ग्रामीणों की मदद से सतीश का शव हुए से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।





