Betul News: उफान पर नदियां, समिति प्रबंधक सहित दो बहे, एक शव मिला; लापता किसान का कुएं से शव बरामद
Betul News: Rivers in spate, two including committee manager flowed, one dead body found; Dead body of missing farmer recovered from well
▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
Betul News: बैतूल जिले के मुलताई विधानसभा क्षेत्र में लगातार तेज बारिश होने से नाले एवं नदियों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। भारी बारिश होने के कारण ताप्ती नदी ने अपना विकराल रूप दिखाया और वह उफान पर आ गई है। सांडिया और जौलखेड़ा में दो लोग पुलिया पर आई बाढ़ के चलते बह गए हैं। जिसमें से एक का शव मिल गया है। वहीं दूसरे की तलाश की जा रही है। जिस व्यक्ति का शव मिला वह सोसाइटी में प्रबंधक है। एक किसान अभी लापता है। दूसरी ओर छह दिन से लापता एक ग्रामीण का शव कुएं में मिला है।
जौलखेड़ा और सर्रा के बीच देव नदी की बाढ़ में सोसाइटी प्रबंधक के शुक्रवार रात बहने के बाद शनिवार शव मिलने की सूचना मिली है। सुबह उनकी बाइक मिलने के बाद प्रबंधक की तलाश ग्रामीणों ने की। पिंकू पंवार ने बताया कि सर्रा निवासी गुलाबराव बोरबन साईखेड़ा के पास सोसाइटी में प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं जो सर्रा से अप डाउन करते थे। भारी बारिश हुई, जिसके बाद श्री बोरबन के घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश की गई, लेकिन वे नहीं मिले। शनिवार नदी के किनारे उनकी बाइक मिलने से हड़कंप मच गया। जिससे आशंका है कि बोरबन बाढ़ में बह गए हैं। उन्होंने बताया कि नदी में महाजन के खेत के पास उनका शव मिलने से सनसनी है। ग्रामीणों ने बताया कि संभवत: शाम को सर्रा लौटते समय वे नदी पार करते समय बाढ़ में बह गए। जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।
खेत से लौट रहा किसान लापता
इधर ग्राम सांडिया के ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात 10 बजे ग्राम सांडिया निवासी धर्मराज पुत्र साहेबराव बरडे (45 वर्ष) अपने खेत से अपना कार्य खत्म करके अपने घर की ओर आ रहा था। इस बीच ताप्ती नदी में तेज उफान होने के कारण ताप्ती नदी पुलिया के ऊपर से बह रही थी। किसान ने सोचा कि वह पुलिया पार कर लेगा, लेकिन थोड़ी सी चूक से किसान नदी में बहा गया। बताया जा रहा है कि किसान बहते हुए चंदोरा जलाशय पहुंच गया। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को दी गई। वहीं मुलताई पुलिस की टीम एवं एसडीआरएफ की टीम द्वारा किसान को जलाशय में ढूंढा जा रहा है। सुबह 9 बजे से जलाशय में किसान की तलाश लगातार की जा रही है।
खेत के कुएं में मिला शव, छह दिन से था लापता
मुलताई-छिंदवाड़ा रोड पर स्थित ग्राम चिखलीखुर्द में शनिवार सुबह खेत में बने घर के पास स्थित एक कुएं में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की शिनाख्त सुभाष पुत्र पंजाब राव साबले उम्र 40 वर्ष के रूप में की गई। पंजाब राम पुत्र धुंदू राव ने बताया कि उसका पुत्र सुभाष 17 जुलाई दिन सोमवार को कोर्ट में पेशी का कह कर घर से निकला था। शाम तक वापस नहीं आया जिसके बाद उसकी खोजबीन कर रहे थे। आज सुबह कुएं में शव होने की सूचना उन्हें मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुभाष का शव कुएं में पड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि उनके पुत्र सुभाष का जब से विवाह हुआ था उसके बाद से उसकी पत्नी के साथ उसका विवाद कोर्ट में चल रहा था। सुभाष मंडीदीप में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था, जबकि उसकी पत्नी पीतमपुर में एक बेटा और एक बेटी के साथ रहती है। सुभाष के गुम होने पर उसने मंडीदीप जाकर भी देखा। लेकिन, वहां भी उसके पुत्र सुभाष का कुछ पता नहीं चल पाया। शनिवार सुबह कुएं में लाश मिलने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने पंजाब राव की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। परिजनों ने किसी पर भी कोई शक होने से इनकार किया है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
खेत से लौट रहा किसान लापता
खेत के कुएं में मिला शव, छह दिन से था लापता


