बैतूल अपडेट

abandoned baby in Betul: एक साल की मासूम को छोड़ गया कोई, पुलिस ने पहुंचाया शिशु गृह

abandoned baby in Betul: बैतूल। इस बेदर्द जमाने में कब क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसे ही एक मामले में कोई अज्ञात व्यक्ति एक महज 1 साल की बच्ची को लावारिश हालत में छोड़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे शिशु गृह पहुंचाया।

पुलिस विभाग के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा इस संबंध में जानकारी दी गई कि 17 नवंबर 2025 को देशबंधु वार्ड टिकारी बैतूल निवासी सूचनाकर्ता द्वारा डायल-112 पर सूचना दी गई कि एक अज्ञात 1 वर्षीय नाबालिग बालिका को कोई अज्ञात व्यक्ति उनके घर के सामने छोड़कर चला गया है।

abandoned baby in Betul: एक साल की मासूम को छोड़ गया कोई, पुलिस ने पहुंचाया शिशु गृह

परिजनों के बारे में नहीं मिली जानकारी

सूचना प्राप्त होते ही थाना कोतवाली पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम द्वारा पानी की टंकी के सामने देशबंधु वार्ड टिकारी में बालिका को सुरक्षित पाया गया। आसपास निवासरत लोगों से पूछताछ की गई, किंतु किसी भी व्यक्ति द्वारा बालिका या उसके परिजनों के संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई।

घर-घर जाकर लगाया पुलिस ने पता

इसके उपरांत पुलिस टीम द्वारा बालिका के परिजनों की खोज हेतु विनायकम स्कूल रोड वाली गली, गौंडी मोहल्ला, प्रताप वार्ड, मेघनाथ चौक, गाड़ाघाट रोड, अखाड़ा चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर पता तलाश किया गया, परंतु कोई सुराग प्राप्त नहीं हो सका।

मातृ छाया शिशु गृह में पहुंचाया गया

इसके बाद बालिका की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए थाना कोतवाली बैतूल द्वारा संबंधित विभाग से पत्राचार कर मातृछाया शिशु गृह में बालिका को सुरक्षित रखा गया। आज 18 नवंबर 2025 को बालिका को बाल कल्याण समिति बैतूल के समक्ष नियमानुसार प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस ने की लोगों से यह अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त अज्ञात 1 वर्षीय नाबालिग बालिका या उसके परिजनों के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल थाना कोतवाली बैतूल अथवा बाल कल्याण समिति बैतूल को सूचित करें।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button