MP News Today: जनसंख्या में बढ़ोतरी होने के साथ-साथ किसी भी ग्राम या पंचायत का दर्जा भी बढ़ता है। ग्राम पंचायतों को जहां नगर पंचायत बनाया जाता है वहीं नगर पंचायतों को नगर पालिका और फिर नगर पालिका निगम तक बनाने का प्रावधान है। अब मध्यप्रदेश में अपग्रेडेशन की इस प्रक्रिया में तेजी आएगी। प्रदेश की जो बड़ी ग्राम पंचायतें हैं, उनको अपग्रेड कर नगर परिषद बनाया जाएगा।
इसकी शुरूआत प्रदेश में विकसित हो रहे इंदौर और भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र से की जाएगी। इस प्रक्रिया को तेजी से संपन्न करने को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार देर शाम को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में प्रदेश में प्रस्तावित मेट्रोपॉलिटन एरिया गठन से संबंधित बैठक ली।
बैठक में दिए अफसरों को निर्देश (MP News Today)
इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में नगरीय क्षेत्रों का तेजी से विस्तार हो रहा है। जनसामान्य को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगरीय क्षेत्रों के व्यवस्थित नियोजन को समय रहते सही दिशा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसलिए क्षेत्र की पंचायतों को आवश्यकतानुसार नगर परिषद के रूप में विकसित किया जाएं।
यह शहर बनेंगे मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र (MP News Today)
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में इंदौर-उज्जैन-देवास-धार और भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा (राजगढ़) को मिलाकर दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकसित किये जाएंगे। इन क्षेत्रों के नगरीय निकायों और विकास प्राधिकरणों के प्रबंधन को सशक्त करते हुए संस्थाओं की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

औद्योगिक विकास की प्रक्रिया में तेजी (MP News Today)
प्रस्तावित क्षेत्रों में वर्तमान में पर्याप्त औद्योगिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। मेट्रोपॉलिटन के रूप में विकास से यहां निवेश और औद्योगिक विकास की प्रक्रिया तेज होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रस्तावित मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों में परस्पर कनेक्टिविटी बढ़ाना आवश्यक है।
इन सुविधाओं की बनाएं कार्ययोजना (MP News Today)
सीएम ने कहा कि इसके लिए बसाहटों, यातायात, सार्वनिक परिवहन, अधोसंरचना, जल आपूर्ति, सीवरेज, विद्युत आपूर्ति, और प्रकाश व्यवस्था आदि की समन्वित रूप से कार्ययोजना बना कर गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इन वृहद क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता, कृषि योग्य भूमि के संरक्षण, वन प्रबंधन, जल ग्रहण और पर्यटन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संवेदनशीलता के साथ नीतियां निर्धारित की जाएं।

मेट्रोपॉलिटन एरिया में कितना क्षेत्र (MP News Today)
- गौरतलब है कि इंदौर-भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के लिए राज्य सरकार द्वारा मध्यप्रदेश मेट्रोपॉलिटन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्ट 2025 का ड्राफ्ट तैयार करने की मंजूरी नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग को दी जा चुकी है।
- इंदौर मेट्रापॉलिटन एरिया का क्षेत्रफल लगभग 9 हजार वर्ग किलोमीटर होगा। इसमें करीब 1756 गांव शामिल होंगे। वहीं दूसरी ओर इंदौर मेट्रोपॉलिटन सिटी में 19 नगरीय निकाय शामिल होंगे।
- इसी तरह भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी की प्रारंभिक योजना में भोपाल की 59 ग्राम पंचायतें और रायसेन जिले के मंडीदीप की 9 ग्राम पंचायतें शामिल की गई थीं। इनमें अभी कई नए क्षेत्र जुड़ेंगे।
- इस तरह इन दोनों क्षेत्रों की कई ग्राम पंचायतों का अस्तित्व अब नगर परिषद के रूप में आ जाएगा। इससे लोगों को पहले के मुकाबले अधिक सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।
इन राज्यों की व्यवस्था पर चर्चा (MP News Today)
बैठक में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव नागरीय विकास एवं आवास संजय शुक्ला सहित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और तामिलनाडु में मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकास एवं प्रबंधन के लिए विद्यमान व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com