MP MSP procurement: धान 2461 और ज्वार 4073 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदी जाएगी, मध्यप्रदेश सरकार ने जारी की नीति
MP MSP procurement: Paddy to be procured at up to ₹2,461 per quintal and sorghum (jowar) at up to ₹4,073 per quintal; Madhya Pradesh government issues policy.

MP MSP procurement: मध्यप्रदेश सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा खरीदने के लिए अपनी नई उपार्जन नीति जारी कर दी है। इस नीति के तहत प्रदेश में ज्वार और बाजरा की सरकारी खरीदी 23 नवंबर से आरंभ हो गई है, जो आगामी 23 दिसंबर तक जारी रहेगी। वहीं धान बेचने वाले किसानों के लिए एक दिसंबर से खरीदी शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक चलेगी। सभी खरीदी केंद्रों पर सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से लेकर रात 8 बजे तक उपज तौली जाएगी।
अधिकारियों को सख्त पालन के निर्देश
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी दी कि सभी जिलों के कलेक्टरों, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को नीति का पूरी तरह पालन कराने को कहा गया है। शासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ दिलाना है। यदि उपार्जन प्रक्रिया में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उस पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
नोडल एजेंसी और खरीदी की व्यवस्था
मंत्री श्री राजपूत ने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा के भीतर ही उपार्जन कार्य पूरा किया जाएगा। इस पूरी खरीदी प्रक्रिया के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन को मुख्य नोडल एजेंसी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त विभाग केंद्र या राज्य की अन्य एजेंसियों अथवा उनके द्वारा अधिकृत संस्थाओं को भी खरीदी का जिम्मा सौंप सकता है।
जानिए फसलों का तय समर्थन मूल्य
सरकार द्वारा घोषित दरों के अनुसार इस सीजन में कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का भाव 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसी तरह मालदण्डी ज्वार 4073 रुपये, हाइब्रिड ज्वार 4023 रुपये और बाजरा 2900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।
बारदानों की व्यवस्था और गुणवत्ता जांच
धान की पैकिंग के लिए 46 प्रतिशत पुराने तथा 54 प्रतिशत नए जूट के बारदानों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिनका इंतजाम उपार्जन एजेंसी करेगी। वहीं ज्वार और बाजरा केवल नए जूट बारदानों में ही भरा जाएगा। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा तय मानकों के अनुरूप ही उपार्जन होगा। खरीदी केंद्र पर उपज की गुणवत्ता जांचने का जिम्मा संबंधित संस्था का और गोदाम स्तर पर उपार्जन एजेंसी का रहेगा। मंडियों में एफएक्यू मानक की उपज समर्थन मूल्य से कम दर पर नहीं खरीदी जा सकेगी।
- यह भी पढ़ें : Betul court verdict: रकम दोगुनी करने का लालच देकर बुजुर्गों को लगाया चूना: बैतूल में आरोपी को 7 साल जेल और 1 करोड़ जुर्माना
स्लॉट बुकिंग और परिवहन का नियम
नॉन एफएक्यू उपज का नमूना कृषि उपज मंडी अपने पास सुरक्षित रखेगी। किसान के पंजीकृत रकबे और राजस्व विभाग द्वारा तहसील स्तर पर तय उत्पादकता के हिसाब से ही फसल बेचने की अधिकतम सीमा तय होगी। उपज बेचने से पहले किसानों को अपनी पसंद के केंद्र और तारीख के लिए स्लॉट बुक कराना अनिवार्य होगा। खरीदी केंद्र से गोदाम तक अनाज पहुंचाने की जिम्मेदारी उपार्जन एजेंसी की होगी, जबकि केंद्र या गोदाम से सीधे मिल तक धान ले जाने का दायित्व मिलर्स निभाएंगे।
ऑनलाइन निगरानी और किसानों को सूचना
जिन केंद्रों पर अधिक आवक की उम्मीद है, वहां संस्था अपनी आय से अतिरिक्त स्टाफ, तौल कांटे और कंप्यूटर लगा सकेगी। केंद्र प्रभारियों को भौतिक सुविधाओं की जानकारी और फोटो मोबाइल ऐप के जरिए भारत सरकार के पोर्टल [https://pcsap.in/](https://pcsap.in/) पर अपलोड करने होंगे। सभी मंडियों, खरीदी केंद्रों और गोदामों के तौल कांटों का सत्यापन कराने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही किसानों को एसएमएस भेजकर तथा ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर जानकारी चस्पा कर उपार्जन की सूचना दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें

