बैतूल अपडेट

Tapti Mahotsav Multai 2026: मुलताई में ताप्ती महोत्सव 2026; अरुणिता कांजीलाल, हिमानी शिवपुरी समेत दिग्गज कलाकार करेंगे प्रस्तुति

Tapti Mahotsav Multai 2026: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले का धार्मिक और सांस्कृतिक नगर मुलताई एक बार फिर कला, संस्कृति और मनोरंजन का केंद्र बनने जा रहा है। ताप्ती नदी के उद्गम स्थल पर आयोजित होने वाला ताप्ती महोत्सव इस बार और भी खास होने वाला है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश के चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। संगीत, नृत्य और कविता के रंगों से सजा यह महोत्सव क्षेत्रवासियों के लिए यादगार बनने की पूरी तैयारी में है।

नपा और संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजन

मुलताई में ताप्ती महोत्सव का आयोजन 14 जनवरी से 16 जनवरी तक किया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में होगा। नगर पालिका और संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाला यह महोत्सव हर साल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रसिद्ध कलाकारों से सजेगा मंच

इस बार ताप्ती महोत्सव में देश के नामचीन कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इंडियन आइडल सीजन 12 की फर्स्ट रनर अप और सारेगामापा बांग्ला की विजेता प्रसिद्ध गायिका अरुणिता कांजीलाल मुंबई से आकर अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरेंगी। उनके साथ उनके ग्रुप के कलाकार भी मंच पर प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा जानी-मानी अभिनेत्री और नृत्यांगना हिमानी शिवपुरी मुंबई अपनी विशेष नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। भोपाल के प्रसिद्ध कवि जानी बैरागी भी अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य प्रेमियों को जोड़ेंगे।

पहले दिन नृत्य और भक्ति संगीत की धूम

महोत्सव के पहले दिन यानी 14 जनवरी की शाम कार्यक्रम की शुरुआत भव्य नृत्य नाटिका से होगी। अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी 80 कलाकारों के साथ अमृतधारा ताप्ती नामक नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। यह प्रस्तुति ताप्ती नदी और उसकी सांस्कृतिक विरासत को नृत्य के माध्यम से दर्शाएगी। इसके बाद सुरभी चतुर्वेदी और उनके ग्रुप द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें आध्यात्मिक संगीत की धारा बहेगी।

दूसरे दिन संगीत और कविता का संगम

15 जनवरी की शाम सुगम संगीत को समर्पित रहेगी। भोपाल से संजय श्रीवास्तव और उनके ग्रुप द्वारा मधुर गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि जानी वैरागी के साथ भुवन मोहिनी, श्रद्धा शौर्य, अमन अक्षर, दीपक शुक्ला और पंकज दीक्षित अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। हास्य, व्यंग्य और समसामयिक विषयों से सजी कविताएं दर्शकों को सोचने और मुस्कुराने दोनों का अवसर देंगी।

तीसरे दिन लोक संस्कृति और फिल्मी गीत

महोत्सव के अंतिम दिन यानी 16 जनवरी को लोकसंस्कृति को विशेष महत्व दिया जाएगा। देवास से देवकरण पोरवाल और उनके साथियों द्वारा मालवी लोकगायन की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे श्रोता पारंपरिक लोकधुनों से रूबरू होंगे। रात के अंतिम और मुख्य कार्यक्रम में अरुणिता कांजीलाल और उनके ग्रुप द्वारा फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। उनकी आवाज में लोकप्रिय गीत सुनकर दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेंगे। इसी के साथ ताप्ती महोत्सव का समापन होगा।

आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल

नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर और सभापति अजय यादव ने बताया कि संस्कृति संचालनालय द्वारा कलाकारों की सूची जारी होने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। हर साल आयोजित होने वाले ताप्ती महोत्सव का मुलताई सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस वर्ष भी कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही नगर और क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया है। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन न सिर्फ मनोरंजन देगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button