बैतूल अपडेट

Latest News Betul : सड़क हादसों में दो की मौत, किशोरी से बलात्कार, सूने घर से लाखों की चोरी

Latest News Betul : बैतूल। जिले में बीती रात 2 सड़क हादसों में 2 लोगों की जान चली गई जबकि एक व्यक्ति घायल है। मुलताई थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी से बलात्कार का मामला सामने आया है। वहीं जिला मुख्यालय के समीप बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में एक सूने मकान से लाखों की चोरी करने में आरोपी कामयाब हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला सड़क हादसा भीमपुर के पास बेलढाना में हुआ। यहां भीमपुर से अपनी बाइक से लौट रहे रामप्रसाद (40) और उसके दोस्त लाभू (30) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हालत में रास्ते में पड़े थे। जिन्हें लोगों ने रेस्क्यू कर भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

दूसरी ओर कल देर शाम बैतूल-इंदौर हाईवे पर घायल हालत में मिले युवक की मौत अज्ञात वाहन से कुचलकर हुई। यहां गांव से सड़क की दूसरी ओर अपने घर आ रहे युवक शैलेंद्र चौहान (38) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका सिर कुचल गया। सड़क से आने जाने वाले लोगों ने देखा और गांव में पूछताछ की तो युवक की शिनाख्त हुई।

खेत ले जाकर किशोरी से दुष्कर्म (Latest News Betul)

मुलताई थाना क्षेत्रांतर्गत एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुराचार किए जाने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत मुलताई थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 14 वर्षीय किशोर के साथ दिलीप कापसे उम्र 37 वर्ष ने दुराचार किया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर खेत ले गया और उसके साथ जबरदस्ती दुराचार किया गया। इस संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी के कारण किशोरी ने घटना के संबंध में किसी को नहीं बताया। किशोरी अपनी मौसी के घर चली गई।

इस घटना की जानकारी उसने मौसी को दी। इसके बाद किशोरी ने अपने परिजनों के साथ मुलताई थाना पहुंचकर आरोपी दिलीप कापसे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 363, 376 (2 च), 376 (3), 354, 506 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सूने आवास में लगाई लाखों की सेंध (Latest News Betul)

बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भयावाड़ी में अज्ञात चोरों ने एक सूने आवास को निशाना बनकर आभूषण सहित नकदी रुपए पर हाथ साफ कर दिए। चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम भयावाड़ी निवासी पवन पिता सूरत पंवार परिवार सहित रविवार को अपने रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पांढुर्णा गए थे।

सोमवार की रात को अज्ञात चोरों ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। जब परिजन वापस घर लौटे तो उन्हें घर का दरवाजा टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।

अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी 25 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिए हैं। इस चोरी की घटना में लगभग पांच लाख के मशरूका चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

पुलिस को घर के ही पास आभूषण की खाली डिब्बियां पड़ी मिली है। इस चोरी की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में भी पिछले कई महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।

देश-दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें |Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.comसे | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button