murder exposed : साथ में बैठकर पी रहे थे शराब, पैग बड़ा बनाने को लेकर हुआ विवाद और सिर पर पत्थर पटक कर कर दी थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बैतूल में अभिनंदन सरोवर में शुक्रवार को युवक की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मृतक के साथ शराब के नशे में विवाद होने पर सिर पर पत्थर पटक कर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है।
एसडीओपी बैतूल और कोतवाली टीआई अपाला सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को मिले शव की पहचान दिनेश पिता सूर्यभान खांडवे निवासी राजेन्द्र वार्ड बैतूल गंज के रूप में हुई थी। जिसका शव निरीक्षण से उसके चेहरे व सिर पर पत्थर पटकर हत्या करना प्रतीत होने से थाना कोतवाली में धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। टीआई अपाला सिंह द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई।
एसडीओपी ने बताया कि प्रकरण में मृतक दिनेश पिता सूर्यभान खांडवे के मोबाइल की जानकारी के आधार पर आकाश मर्सकोले निवासी ऐनखेडी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। जिससे घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि अपने साथी विजय पण्डाग्रे के साथ वे तीनों अभिनंदन सरोवर में शराब पी रहे थे।
इस बीच बैग बड़ा बनाने को लेकर शराब के नशे में आपस में गाली-गलौज हो गई। इसके बाद आवेश में आकर मृतक दिनेश की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी आकाश पिता रामदास मर्सकोले (28) निवासी ऐनखेडी जिला बैतूल और विजय पिता मधु पण्डाग्रे (31) निवासी सोहागपुर थाना बैतूल बाजार को गिरफ्तार कर लिया है।
आकाश पहले भी कर चुका है एक हत्या
एसडीओपी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी आकाश के द्वारा पूर्व में भी औरंगाबाद (महाराष्ट्र) में एक व्यक्ति का सिर का पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है। जिसकी जानकारी निकाली जा रही है। आरोपी से भी इस बारे में पूछताछ की जा रही है। संबंधित थाने से भी जानकारी ली जाएगी।



