Cyclone Montha Alert in MP: मध्यप्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। आज 27 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी और हल्की बारिश का अलर्ट है। उधर चक्रवाती तूफान मोंथा का खतरा भी बना हुआ है। यह तूफान अब और करीब आ गया है। इसके अलावा और भी सिस्टम एक्टिव हैं। जिनका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
चक्रवाती तूफान मोंथा दक्षिण-पश्चिम और आसपास के दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर पिछले 6 घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है। आज 27 अक्टूबर को सुबह 05.30 बजे यह दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रों पर, अक्षांश 12.2 डिग्री उत्तर और देशांतर 85.3 डिग्री पूर्व के पास केंद्रित था।
अभी भारत से कितनी दूर तूफान मोंथा
चक्रवाती तूफान मोंथा वर्तमान में चेन्नई से लगभग 560 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, आंध्रप्रदेश के काकीनाडा से 620 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 650 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर और पोर्ट ब्लेयर से 810 किमी पश्चिम में स्थित है।
इसके अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 28 अक्टूबर की सुबह तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा।
इसके 28 अक्टूबर की शाम या रात के दौरान मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तट को काकीनाडा के आसपास पार करने की बहुत संभावना है। इस तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की गति 90-100 किमी प्रति घंटा से 110 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।

दूसरा सिस्टम अरब सागर में एक्टिव
दूसरा सिस्टम अरब सागर में सक्रिय है। यहां पूर्व-मध्य भाग के ऊपर बना डिप्रेशन 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पश्चिम में आगे बढ़ा। इसके जल्द ही दक्षिण-दक्षिण पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में पूर्व-मध्य अरब सागर के पार जाने की संभावना है।
इसके अलावा एक ट्रफ अरब सागर के पूर्व-मध्य भाग के ऊपर बने डिप्रेशन से जुड़े ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण से लेकर पश्चिम मध्य प्रदेश तक, उत्तर पूर्वी अरब सागर और दक्षिण गुजरात क्षेत्र से होकर डेढ़ से तीन किलोमीटर की ऊंचाई के बीच बनी हुई है।

आज इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 27 अक्टूबर को प्रदेश के मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, नीमच और मंदसौर में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
इसके अलावा गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, इंदौर और बड़वानी में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं खरगौन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सिहोर, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, दमोह, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट और डिंडोरी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इन सभी जिलों में गरज-चमक हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।

राजधानी भोपाल में कैसा रहेगा मौसम
प्रदेश की राजधानी भोपाल के मौसम की। यहां आज आसमान पर बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही हल्की बारिश होने के साथ धुंध छाने की सँभावना भी है। हवा की रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। वहीं तापमान 24 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बीते 24 घंटों में कहां-कहां हुई बारिश
पिछले कई दिनों से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। यही सिलसिला कल यानी 26 अक्टूबर को भी जारी रहा। कल 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। यहां तक कि श्योपुर जिले के हाल तो यह थे कि यहां 9 घंटे में ही 2 इंच बारिश हो गई।
इसके अलावा भोपाल और इंदौर में पूरे दिन भर रिमझिम बारिश जारी रही। श्योपुर के सलवानिया बुखारी गांव में खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल बह गई। बालाघाट के मलाजखंड में 1 इंच बारिश हुई। इसके अलावा उज्जैन, धार, नर्मदापुरम, दमोह, जबलपुर, सागर, पचमढ़ी, रतलाम, शाजापुर, देवास, रायसेन, विदिशा, सिहोर, आगर मालवा, बालाघाट सहित कई अन्य जिलों में भी बारिश हुई।
- यह भी पढ़ें: Betul Corruption Case: बैतूल गजब है, भृत्य ने भी दिखाया जलवा, कर डाला 40 लाख का घोटाला, 3 सस्पेंड
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में आई कमी
बारिश के साथ ही अब प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ रहा है। कल सबसे कम तापमान अमरकंटक में 17.4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बीती रात सबसे कम तापमान खंडवा में रहा। यहां न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा शिवपुरी में 17, खरगौन में 18.2, छतरपुर के नौगांव में 18.3 और राजगढ़ में 18.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com
