मध्यप्रदेश अपडेट

MP Rain Alert: बन गया लो प्रेशर एरिया, दो दिन इन जिलों में होगी धुआंधार बारिश, अलर्ट जारी

MP Rain Alert: मध्यप्रदेश में मानसून अब धीरे-धीरे अलविदा कह रहा है, लेकिन विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 और 29 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर और उज्जैन संभाग के जिलों को लेकर खास अलर्ट जारी किया गया है। इसके पहले कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।

गुरुवार को इन जिलों में जमकर बारिश

गुरुवार को मंडला और रीवा में लगभग पौने दो इंच बारिश दर्ज की गई। उज्जैन, जबलपुर, सतना, सिवनी, सीधी, उमरिया और बालाघाट में भी हल्की बरसात हुई। वहीं राजधानी भोपाल में तेज धूप खिली रही जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। इंदौर और ग्वालियर में भी दिनभर मौसम साफ रहा।

इसलिए बनी बारिश की संभावना

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय लो-प्रेशर एरिया के कारण बरसात के आसार बने हुए हैं। नीमच, श्योपुर, भिंड और मुरैना जिलों से मानसून पहले ही लौट चुका है। अगले कुछ दिनों में ग्वालियर, दतिया और मंदसौर से भी मानसून की वापसी की संभावना है। हालांकि, फिलहाल बाकी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।

MP Rain Alert: बन गया लो प्रेशर एरिया, दो दिन इन जिलों में होगी धुआंधार बारिश, अलर्ट जारी

इन जिलों में होगी जोरदार बारिश

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिलेगी, लेकिन 28 और 29 सितंबर को कई जिलों में तेज बरसात होने की संभावना है। इनमें इंदौर, देवास, खरगोन, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा प्रमुख हैं।

प्रदेश के इन जिलों से हो चुकी विदाई

मानसून की विदाई की शुरुआत मध्यप्रदेश से भी हो चुकी है। नीमच, भिंड, मुरैना और श्योपुर से मानसून लौट गया है। खास बात यह है कि इन जिलों में इस बार सामान्य से ज्यादा पानी बरसा। श्योपुर में जहां सामान्य बारिश 26.2 इंच होती है, वहां 56.6 इंच बारिश हुई जो 115 प्रतिशत अधिक है। भिंड में 32.4 इंच, मुरैना में 37 इंच और नीमच में 42.9 इंच बरसात दर्ज की गई।

MP Rain Alert: बन गया लो प्रेशर एरिया, दो दिन इन जिलों में होगी धुआंधार बारिश, अलर्ट जारी

अगले महीने ही लौटेगा मानसून

इस साल मानसून ने प्रदेश में 16 जून को दस्तक दी थी। सामान्यत: यह 15 जून तक पहुंचता है। यानी इस बार यह एक दिन की देरी से आया। वहीं विदाई की बात करें तो सामान्यत: 30 सितंबर तक कुछ जिलों से मानसून लौटना शुरू हो जाता है। इस बार यह छह दिन पहले ही लौट चुका है। 6 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून विदा हो जाएगा।

प्रदेश में औसत से ज्यादा बारिश

प्रदेश में अब तक 44.1 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 36.9 इंच का है। इस लिहाज से लगभग 7.2 इंच अधिक बरसात हुई है। औसतन 37 इंच पानी पूरे सीजन में गिरना चाहिए था, लेकिन यह कोटा पिछले सप्ताह ही पूरा हो चुका है। कुल मिलाकर अब तक प्रदेश में 118 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है।

सितंबर में पूरा हुआ इंदौर का कोटा

शुरुआत में इंदौर और उज्जैन संभाग में सबसे कम बारिश दर्ज की गई थी। इंदौर में तो हालात इतने खराब थे कि सामान्य बारिश पूरी होने पर भी सवाल उठने लगे थे। लेकिन सितंबर महीने की अच्छी बारिश ने तस्वीर बदल दी और इंदौर का कोटा पूरा हो गया। हालांकि, बड़वानी, खरगोन और खंडवा जैसे जिलों में स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है।

फिलहाल यह हैं मौसमी परिस्थितियां

गुजरात, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के क्षेत्र भागों; मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और भागों से अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी एवं तटीय आंध्र प्रदेश-उत्तर तटीय तमिलनाडु पर माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है जिसके साथ दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी हवा झुकी हुई है।

एक अन्य ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण पूर्व-मध्य और सन्निकट उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर माध्य समुद्र तल से ऊपरी स्तरों में विद्यमान है। इसके प्रभाव में, अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर ओडिशा तटों और इससे सटे क्षेत्रों पर एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। लगभग पश्चिमोत्तर दिशा में बढ़ते हुए, यह प्रणाली उत्तर ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के तटों को प्रभावित करेगी। पूर्व-मध्य और सन्निकट उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अवदाब के विकसित होने की प्रबल संभावना है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button