Betul Accident News: बारातियों से भरा ट्रक पलटा, दो दर्जन से ज्यादा घायल, पहुंचाया अस्पताल
Betul Accident News: Truck full of processions overturned, more than two dozen injured, rushed to hospital
मायके जाने से मना करने पर विवाहिता ने जहर खाकर दी जान, रानीपुर रोड पर फिर मिला अज्ञात महिला का शव

Betul Accident News: बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में बीती रात बारातियों से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार बारातियों में से दो दर्जन से ज्यादा घायल हो गए। मोहदा थाना क्षेत्र में मायके जाने से मना करने पर एक विवाहिता ने जहर पीकर जान दे दी। इधर बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर रानीपुर क्षेत्र में फिर एक अज्ञात महिला का शव मिला है। सूचना पर पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भैंसदेही तहसील की ग्राम पंचायत उदामा के निरोंगी गांव में काल्या काकोडिया के निवास पर पांडोल वडाली से बारात पहुंची थी। विवाह संपन्न होने के बाद बाराती वापस लौट रहे थे। इस बीच शाम 7.30 बजे बारात लेकर आ रहा आईशर ट्रक उदामा और कोथलकुण्ड के बीच स्थित नागदेव पुलिया पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में लगभग 25 बराती घायल हुए हैं। इनमें 5 महिलाएं और 20 पुरुष शामिल हैं। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए भैंसदेही अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के मुताबिक आईशर ट्रक में 60 से 70 लोग सवार थे। चालक तेज गति से ट्रक चला रहा था। जिसके कारण घटना घटित हुई है।
मायके जाने की जिद में चली गई जान (Betul Accident News)
मोहदा थाना क्षेत्र के ग्राम बेहड़ाढाना में महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक छाया सलामे पति को मायके चलने के लिए कह रही थी। पति ने मायके जाने से मना किया तो गुस्से में आकर महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि पति ने कहा था कि अभी कुछ ही दिनों बाद साली का जन्मदिन है। जन्मदिन में ससुराल चलेंगे, अभी ससुराल नहीं जाना है। इस बात से महिला नाराज हो गई। जब पति घर से काम के सिलसिले में निकला तो शाम को घर वापस आकर देखा तो पत्नि बेहोशी की हालत में पड़ी थी।
तत्काल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मायके जाने से इंकार करने पर महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पति और महिला के परिजनों को बयान दर्ज करने की बाद ही आत्महत्या करने की सही जानकारी सामने आएगी।
- Also Read : Top Gk Questions: वह क्या है जिसे हम हमेशा काटते रहते हैं मगर कभी उसके टुकड़े नहीं कर सकते..?
रानीपुर के पास मिला अज्ञात महिला का शव
बैतूल-रानीपुर मार्ग पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रानीपुर के पास एक अज्ञात महिला के सड़क के किनारे पड़ी होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि महिला के पास कोई दस्तावेज नहीं मिलने से अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस महिला की शिनाख्त में लगी है।



