Election : बैतूल, बैतूल बाजार और मुलताई नपा के लिए आरक्षण अब 24 की जगह 25 मई को; जिपं अध्यक्षों के लिए आरक्षण 31 को

♦ उत्तम मालवीय, बैतूल
मध्यप्रदेश में पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनाव के लिए अब जोरशोर से तैयारियां शुरू हो चुकी है। इसकी कड़ी में प्रदेश भर के जिला पंचायत अध्यक्षों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया 31 मई को भोपाल में संपन्न होगी। इसके लिए पंचायत राज संचालनालय भोपाल के संचालक द्वारा आदेश जारी किए जा चुके हैं। जबकि बैतूल जिले में 3 नगरीय निकायों के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया अब 24 की जगह 25 मई को संपन्न की जाएगी।
संचालक आलोक कुमार सिंह द्वारा सभी कलेक्टरों एवं जिला पंचायत सीईओ को जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 32 एवं मध्यप्रदेश पंचायत (उप सरपंच, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष) निर्वाचन नियम 1995 के अनुसार अध्यक्ष जिला पंचायत के पदों के आरक्षण की कार्यवाही 31 मई 2022 (दिन मंगलवार) नियत की गई है। यह कार्यवाही जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान (वाल्मी संस्थान) भोपाल के ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी।
इसके लिए पदों के आरक्षण की कार्यवाही के कार्यक्रम की यह सूचना कलेक्टर कार्यालय के सूचना पटल और जिला पंचायत कार्यालय के सूचना पटल पर 31 मई से सात दिन पूर्व चस्पा करें। इसके साथ ही जिले के सभी मुख्य समाचार पत्रों में उपरोक्त सूचना के संबंध में पर्याप्त प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जाएं। ताकि लॉट निकालने की कार्यवाही में इच्छुक व्यक्ति, जनप्रतिनिधि उपस्थित होकर कार्यवाही में भाग ले सकें।
इधर दूसरी ओर बैतूल जिले की दो नगर पालिका (नपा) और एक नगर पंचायत में वार्डों में आरक्षण की प्रक्रिया अब 25 मई को पूरी की जाएगी। पहले यह 24 मई को होना तय किया गया था। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने नगरीय निकाय में आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। बैतूल नपा और बैतूल बाजार नगर परिषद में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैतूल को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया है। नपा मुलताई के वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुलताई को प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है।
किस निकाय के लिए कितने बजे होगी प्रक्रिया
बैतूल नपा के वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में 25 मई को सुबह 11 बजे से होगी। नगर परिषद बैतूल बाजार के वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया कार्यालय नगर परिषद बैतूल बाजार में 25 मई को शाम चार बजे से की जाएगी। इसी तरह मुलताई नपा में अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में 25 मई को प्रात: 11 बजे से वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।




