Missing : बैतूल की एक सोसाइटी का सहायक प्रबंधक 18 दिनों से लापता, सीसीटीवी फुटेज में यहां आया नजर, परिवार चिंतित और आशंकित
♦ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले की चिचोली तहसील क्षेत्र की एक सोसाइटी का सहायक प्रबंधक पिछले 18 दिनों से लापता है। वह किसी काम से बैतूल आया था। उसके बाद से उसका कोई पता ठिकाना नहीं है। कुछ जगह वह सीसीटीवी कैमरे में जरूर नजर आया है। लेकिन न उससे परिजनों की बात हो पाई और न ही ठोस जानकारी ही मिल पा रही है। इससे परिवार के लोग चिंतित और आशंकित हैं। अब सहायक प्रबंधक के 74 वर्षीय बुजुर्ग पिता ने एसपी से उसे तलाश करने की गुहार लगाई है।
ग्राम मलाजपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक गोलमन पिता मंगल यादव ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे आवेदन में बताया है कि उनका 45 वर्षीय पुत्र प्रभात यादव आदिम जाति सेवा समिति मलाजपुर में सहायक प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। विगत 5 मई को वह किसी कार्य से बैतूल जाने का कहकर मोटर साइकिल से निकला था। उसके बाद से आज तक उनका पुत्र वापस घर नहीं आया है। पुत्र के लापता होने परिवार का बुरा हाल है।
अलग-अलग शहरों में दिखाई दी लोकेशन
आवेदक पिता ने एसपी को सौंपे आवेदन में बताया कि वे मलाजपुर के स्थायी निवासी हैं। पुत्र प्रभात विगत 12 वर्षों से सहायक प्रबंधक के पद पर आदिम जाति सेवा समिति शाखा मलाजपुर में कार्यरत था। वह 5 मई को सुबह 8 बजे मोटर साइकिल से बैतूल किसी कार्य से जाने का कह कर निकला था। देर रात 10 बजे तक जब घर वापस नहीं आया तो परिवार के सदस्यों ने छानबीन की। थाना चिचोली में सूचना दी तो पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ली। जिसके आधार पर इटारसी की लोकेशन प्राप्त हुई।
ट्रेन से दिल्ली जा रहा था लापता छात्र शशांक, ग्वालियर में उतारा, परिवार ने ली राहत
पुलिस ने इटारसी रेल्वे स्टेशन पर लगे सीसीटीव्ही कैमरे की जांच की। जिसमें प्रभात रेल्वे स्टेशन परिसर में मोटर साइकिल रखते हुए दिख रहा है। उसके बाद उसकी दूसरी लोकेशन महानगरी एक्सप्रेस से उतरते समय जबलपुर की दिख रही है। जबलपुर रेल्वे स्टेशन पर भी पानी पीते हुए दिख रहा है। उसके उपरांत थाना चिचोली से आरक्षक को पुत्र प्रभात की मोबाइल लोकेशन देखने के लिए भेजा गया। तब वह वाराणसी रेल्वे स्टेशन पर महानगरी एक्सप्रेस से उतरते हुए दिख रहा है। लेकिन उसके बाद कोई लोकेशन नहीं मिल रही है।
परिवार ने की सूचना देने की अपील
गोलमन यादव ने बताया कि मेरा पूरा परिवार एवं रिश्तेदार पुत्र की लगातार खोजबीन कर रहे हैं। बावजूद इसके आज दिनांक तक कोई सुराग नहीं मिल रहा है। पुत्र की खोजबीन के लिए उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी है। उन्होंने आम जनों से भी आग्रह करते हुए कहा कि अगर उनका पुत्र कहीं भी दिखाई दे तो उन्हें सूचित करने का आग्रह किया है।



