Indore Dahod Rail Line: एमपी में इस रेल लाइन को मिली रफ्तार, मार्च अंत में ट्रायल रन की तैयारी, पहली बार दौड़ेगी ट्रेन
Indore Dahod Rail Line: 204.76 किमी लंबी इंदौर-दाहोद रेल परियोजना अंतिम चरण में, सीआरएस निरीक्षण के बाद धार को मिलेगी पहली रेल सेवा

Indore Dahod Rail Line: कई सालों से प्रतीक्षित इंदौर-दाहोद रेल परियोजना अब तेजी से जमीन पर उतरती नजर आ रही है। इंदौर को ‘डेड एंड’ की स्थिति से बाहर लाने वाली इस अहम रेल लाइन का इंदौर-धार हिस्सा अंतिम चरण में पहुंच चुका है। निर्माण पूरा होते ही धार जिले को पहली बार ट्रेन सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
इंदौर-धार सेक्शन का काम अंतिम चरण में
इंदौर से धार के बीच बनने वाली रेल लाइन पर काम लगभग पूरा हो चुका है। पहले इस रूट पर फरवरी तक ट्रायल रन कराने की योजना थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर मार्च के अंत तक कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त होने के बाद कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। उनकी अनुमति मिलते ही धार तक ट्रायल रन शुरू किया जाएगा।
धार को पहली बार मिलेगी रेल सुविधा
धार क्षेत्र में अब तक रेल सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें होती रही हैं। इस परियोजना के तहत पीथमपुर, सागौर, गुणावद और टीही में स्टेशन भवन और पटरियां लगभग तैयार हो चुकी हैं। कुल 204.76 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के लिए पिछले बजट में 1873.10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे।
धार तक बनने वाले 21 पुलों में से 19 का निर्माण पूरा हो गया है। इस लाइन के शुरू होने से इंदौर का दाहोद और छोटा उदयपुर के रास्ते मुंबई और गुजरात से सीधा संपर्क स्थापित होगा। धार रेलवे स्टेशन को मांडू के जहाज महल की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र का आकर्षण केंद्र बनेगा।
टनल और ट्रैक पर तेज हुआ काम
निर्माण में तेजी लाने के लिए ट्रैक टैम्पिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। टीही के पास लगभग 3 किलोमीटर लंबी सुरंग का काम अंतिम दौर में है। इस मशीन से पटरियों को मजबूत और समतल बनाया जा रहा है, ताकि रेल संचालन सुरक्षित रह सके।
इन शहरों तक पूरा हुआ कार्य
दाहोद से कटवाड़ा और इंदौर से टीही तक का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं टीही-धार, कटवाड़ा-झाबुआ और धार-झाबुआ खंडों में ट्रैक जोड़ने, ओएचई, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म और सिग्नलिंग का काम जारी है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आवागमन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



