मध्यप्रदेश अपडेट

MP cabinet meeting: एमपी में 2 नए पॉवर प्लांट मंजूर, हेलीकॉप्टर सेवा को भी कैबिनेट की हरी झंडी

MP cabinet meeting: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें मुख्य रूप से प्रदेश के 2 पॉवर प्रोजेक्ट और प्रदेश में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के निर्णय शामिल हैं। इनके अलावा मेडिकल कॉलेजों में 354 नए पदों की स्वीकृति भी दी गई।

प्रदेश में शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण प्रदेश में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना रही। सरकार ने तय किया है कि निजी ऑपरेटरों की मदद से हवाई अड्डों, हैलीपैड और एयर स्ट्रिप को जोड़ते हुए लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोगों की कम समय में आसानी से पहुंच बनाना है।

तीन सेक्टरों में संचालित होगी सेवा

हेलीकॉप्टर सेवा को तीन अलग-अलग सेक्टरों में संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

  • पहले सेक्टर में इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर, नीमच, हनुवंतिया, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, भोपाल और जबलपुर शामिल किए गए हैं।
  • दूसरे सेक्टर में भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, तामिया, छिंदवाड़ा, सांची, इंदौर, दतिया, दमोह, ग्वालियर, शिवपुरी, कूनो, ओरछा, गुना, राजगढ़, सागर, होशंगाबाद, बैतूल, टीकमगढ़ और जबलपुर होंगे।
  • तीसरे सेक्टर में जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, चित्रकूट, सरसी, परसिली, मैहर, सतना, पन्ना, खजुराहो, कटनी, रीवा, सिंगरौली, अमरकंटक, सिवनी, सीधी, मंडला, पेंच, डिंडौरी, भोपाल और इंदौर को जोड़ा जाएगा।
MP cabinet meeting: एमपी में 2 नए पॉवर प्लांट मंजूर, हेलीकॉप्टर सेवा को भी कैबिनेट की हरी झंडी

सारणी में 660 मेगावाट की यूनिट मंजूर

मंत्रि-परिषद ने बैतूल जिले के सारणी स्थित सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की पुनरीक्षित लागत को मंजूरी दी। 660 मेगावाट क्षमता वाले इस संयंत्र की नई लागत लगभग 11 हजार 678 करोड़ रुपये तय की गई है। इस परियोजना के लिए वित्त पोषण 20 प्रतिशत इक्विटी और 80 प्रतिशत ऋण के अनुपात में किया जाएगा।

राज्य सरकार अपने हिस्से की करीब 684 करोड़ रुपये की पूंजी उपलब्ध कराएगी। बाकी राशि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी अपने संसाधनों से जुटाएगी। राज्य सरकार 2025-26 तक पहले ही 431 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करा चुकी है और आगे शेष राशि को 2026 से 2031 तक चरणबद्ध तरीके से जारी करेगी।

अमरकंटक यूनिट के लिए भी राशि तय

सतपुड़ा के साथ-साथ अनूपपुर जिले के चचाई में स्थापित अमरकंटक ताप विद्युत गृह की पुनरीक्षित लागत को भी मंजूरी दी गई। 660 मेगावाट क्षमता वाले इस संयंत्र की नई लागत 11 हजार 476 करोड़ रुपये तय की गई है।

इसके लिए भी 20:80 का वित्तीय ढांचा लागू होगा। राज्य सरकार इसमें लगभग 700 करोड़ रुपये की पूंजी डालेगी और बाकी धनराशि बिजली कंपनी स्वयं वहन करेगी। सरकार 2025-26 तक पहले ही 365 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है और अब शेष राशि 2026 से 2031 तक हर वर्ष 66 करोड़ रुपये की किश्तों में दी जाएगी।

MP cabinet meeting: एमपी में 2 नए पॉवर प्लांट मंजूर, हेलीकॉप्टर सेवा को भी कैबिनेट की हरी झंडी

मेडिकल कॉलेजों में नए पद सृजित

मंत्रि-परिषद ने 13 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 354 नए पद सृजित करने का फैसला किया। यह पद सीनियर रेजिडेंट के होंगे और इन्हें नॉन क्लीनिकल और पैराक्लीनिकल विभागों में नियुक्त किया जाएगा।

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, विदिशा, रतलाम, खंडवा, शहडोल, शिवपुरी, दतिया और छिंदवाड़ा के कॉलेज इसमें शामिल हैं। नए पदों की मंजूरी से मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मानकों के अनुरूप संचालन में आसानी होगी।

इसके अलावा, स्नातकोत्तर विद्यार्थी अपनी रेजिडेंसी मेडिकल कॉलेजों में ही पूरी कर सकेंगे। इस कदम से प्रदेश को मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञ शिक्षक भी उपलब्ध होंगे और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button