MP News Today: कनकपुरी बनेगा एमपी का यह शहर, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया ऐलान
MP News Today: कटनी में कोयला, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स का भंडार है। अब तो यहां सोना भी मिलने वाला है। कटनी कनकपुरी बनेगा। साथ ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को कटनी के बड़वारा में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा आज कटनी के जनजातीय क्षेत्र को 233 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। राज्य सरकार औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पिछले दिनों माइनिंग कॉन्क्लेव के माध्यम से कटनी जिले में 56 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है। यहां व्यापार-व्यवसाय की संभावनाएं बन रही है, जिससे गरीब, युवा और किसानों की जिंदगी बदलेगी।
जल्द मिलेगी मेडिकल कॉलेज की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना में हीरा तो पहले ही मिल रहा है। यह पूरा क्षेत्र विकास की नई इबारत लिखेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने पीपीपी मॉडल पर प्रदेश में 4 नए मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए स्वीकृति दी है, इनमें से एक कटनी में बनेगा और शीघ्र ही जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात भी मिलेगी।

दो सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी में 2 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण कर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों के भवन और सुविधाएं देखकर प्राइवेट स्कूल वाले भी दंग रह जाते हैं। देश के किसी राज्य में इतने अच्छे स्कूल नहीं बने जैसे सांदीपनि विद्यालय मध्यप्रदेश में बने हैं।
पहले स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कल्पना करना भी मुश्किल था, अब बड़वारा में दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों की तरह स्कूल बनकर तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्यार्थी सांदीपनि आश्रम से शुरू हुई भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का अनुसरण करें।
नहरों की होगी मरम्मत और गहरीकरण
मुख्यगमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय मांग पर दतला एवं सागौना जलाशय नहर के मरम्मत एवं गहरीकरण, बेलकुंड नदी पर स्थित गर्रा घाट पुल की ऊँचाई बढ़ाने के साथ ही खरहटा महानदी के जल लिफ्ट इरीगेशन के कार्यों को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि कटनी की जनता अपनी क्षमता और योग्यता के बल पर आगे बढ़े और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान दें।

छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहन का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छोटे दुकानदार और व्यापारियों को प्रोत्साहन देने का नागरिकों से आहवान किया। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। देश का पैसा देश में रहे, इसके लिए नवरात्रि, दशहरा, दिवाली की खरीदारी में स्वदेशी को अपनाएं। बदलते दौर में भारत को विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनाना है।
- यह भी पढ़ें : Eklavya School Shahpur: एकलव्य स्कूल शाहपुर मामले में पहला विकेट गिरा, प्राचार्य को किया भोपाल अटैच
लाड़ली बहनों को मिलेंगे 3000 रुपये
उन्होंने कहा कि माताएं-बहनें नवदुर्गा के समान हैं। राज्य सरकार लाड़ली बहनों को दीपावली के बाद हर महीने 1500 रुपए राशि देगी। धीरे-धीरे इसे 3000 तक लेकर जाएंगे। राज्य सरकार टॉपर बच्चों को स्कूटी और बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक लाने पर लैपटॉप दे रही है।
रोजगार के अवसर होंगे सृजित
स्कूल शिक्षा एवं प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि कटनी में राज्य सरकार ने माइनिंग कॉन्क्लेव भी हुई थी, जिसके माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे। सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक संजय पाठक, संदीप जायवाल, धीरेन्द्र सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
- यह भी पढ़ें : Melioidosis in MP: सावधान! एमपी में खतरनाक बीमारी की दस्तक, 20 से ज्यादा जिलों में मिले मरीज
एक पेड़ माँ के नाम अभियान में पौधरोपण
कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत रूद्राक्ष, सप्तपर्णी, शमी, आंवाला और मौलश्री के पौधे रोपे। साथ ही विभिन्न विभागों राज्य आजीविका मिशन, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, उद्योग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जनजातीय कार्य तथा स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई हितग्राहीमुखी योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



